वॉशिंगटन। अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने लॉस एंजिल्स एयरपोर्ट से 34 वर्षीय महिला वैनयिंग झांग उर्फ हीदर झांग को गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि उसने चीन सरकार के लिए काम करते हुए ताइवान के राष्ट्रपति लाई चिंग-ते के बेटे टिंग-यू लाई की निगरानी की और उससे जुड़ी तस्वीरें व वीडियो चीन तक पहुंचाए।
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, झांग कैलिफोर्निया के इरविन शहर में रियल एस्टेट एजेंट के तौर पर काम करती है। FBI ने उसे उस समय गिरफ्तार किया, जब वह लॉस एंजिल्स से शंघाई जाने वाली फ्लाइट पकड़ने की तैयारी में थी। अधिकारियों ने उस पर किसी विदेशी सरकार के लिए काम करने का आरोप लगाया है।
सितंबर 2025 में सिएटल पहुंची थी झांग
जांच के अनुसार, सितंबर 2025 में झांग एक अन्य व्यक्ति के साथ लास वेगास से सिएटल गई थी। दोनों ने वहां काले रंग की निसान रोग कार किराए पर ली और टिंग-यू लाई के घर के आसपास पहुंचे।
अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि दोनों ने घर और वहां आने-जाने वाले लोगों की तस्वीरें और वीडियो बनाए। पड़ोसी के सुरक्षा कैमरे की फुटेज में भी दोनों को कैमरे से रिकॉर्डिंग करते हुए देखा गया था।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/nobel-prize-2026-medicine-glp-
वीचैट पर चीन के अधिकारी को भेजी जानकारी
FBI के मुताबिक, झांग ने इस दौरान चीन के एक सरकारी अधिकारी से वीचैट के जरिए संपर्क किया। उसने अधिकारी को बताया कि उसने टिंग-यू लाई को देख लिया है और उसका वीडियो बना रही है। जांच एजेंसी का कहना है कि झांग ने दो वाहनों के नंबर भी चीन के अधिकारी को भेजे थे।
अमेरिकी अधिकारियों की जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि झांग ने कथित तौर पर चीन के लिए और कितनी जानकारी जुटाई और इस पूरे मामले में उसके साथ मौजूद दूसरे व्यक्ति की क्या भूमिका थी।









