शूटिंग से 7 दिन पहले अक्षय खन्ना ने छोड़ी ‘दृश्यम 3’

तीन दिन में बदली पूरी कहानी- सेट तैयार था, 200 से ज्यादा क्रू मेंबर्स जुड़े थे; जयदीप अहलावत को मिला नया रोल

मुबंई। अजय देवगन की चर्चित फिल्म ‘दृश्यम 3’ को लेकर एक बड़ा खुलासा सामने आया है। फिल्म के लेखक और निर्देशक अभिषेक पाठक ने बताया कि शूटिंग शुरू होने से महज सात दिन पहले अक्षय खन्ना ने प्रोजेक्ट छोड़ दिया था। हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में अभिषेक पाठक ने कहा कि अजय देवगन के साथ अक्षय खन्ना के सीन शूट होने में सिर्फ एक हफ्ता बाकी था, लेकिन इसी दौरान उन्होंने फिल्म से अलग होने का फैसला किया।

अक्षय के जाने से मेकर्स के सामने बड़ी चुनौती

अभिषेक पाठक ने अक्षय खन्ना के अचानक फिल्म छोड़ने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले प्रोजेक्ट छोड़ना आसान स्थिति नहीं थी। उनके मुताबिक उस समय फिल्म का सेट तैयार था, 200 से ज्यादा क्रू मेंबर्स प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे और कई कलाकारों की डेट्स भी पहले से लॉक थीं।

ऐसे में शूटिंग को आगे बढ़ाने का मतलब बड़े आर्थिक नुकसान के साथ पूरी टीम के शेड्यूल को प्रभावित करना था। मेकर्स ने शूटिंग रोकने के बजाय कहानी में बदलाव करने का फैसला लिया।

यह भी पढे़ :https://www.tamsasanket.com/jensen-huang-ai-human-extinction-2030/

तीन दिन में दोबारा लिखी स्क्रिप्ट

अभिषेक पाठक के मुताबिक टीम ने करीब दो-तीन दिन में अक्षय खन्ना के किरदार को दोबारा लिखा और उसे एक नए कैरेक्टर में बदल दिया। इसके बाद इस भूमिका के लिए जयदीप अहलावत को कास्ट किया गया। इस बदलाव के बावजूद मेकर्स ने फिल्म की शूटिंग का शेड्यूल आगे नहीं बढ़ाया।

फिल्म से जुड़े सैकड़ों लोगों के काम और पहले से तैयार प्रोडक्शन सेटअप को देखते हुए टीम ने कम समय में बदलाव करने का रास्ता चुना। इस तरह अक्षय खन्ना के बाहर होने के बाद भी प्रोजेक्ट को तय योजना के मुताबिक आगे बढ़ाया गया।

2 अक्टूबर को रिलीज होगी ‘दृश्यम 3’

अजय देवगन स्टारर ‘दृश्यम 3’ को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही उत्सुकता है। फिल्म में अक्षय खन्ना की जगह अब जयदीप अहलावत नजर आएंगे। मेकर्स ने कहानी और किरदार में बदलाव के बाद फिल्म को तय रिलीज शेड्यूल पर रखा है। ‘दृश्यम 3’ 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button