- वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोपहर 12:05 बजे बंद हुए कपाट
- सेना के बैंड की धुन पर मुखबा के लिए रवाना हुई मां गंगा की डोली
उत्तरकाशी। उत्तराखंड के प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट 10 नवंबर को दोपहर 12:05 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा में गंगोत्री धाम के दर्शन का सिलसिला समाप्त हो गया। इस साल 19 अप्रैल को मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे।
कपाट बंद होने से पहले पूरे मंदिर को पांच क्विंटल फूलों से सजाया गया। धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना के बाद सेना के बैंड की धुन के बीच मां गंगा की उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हुई।
25 किलोमीटर की यात्रा कर मुखबा पहुंचेगी डोली
मां गंगा की उत्सव डोली करीब 25 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर मुखबा पहुंचेगी। यात्रा के दौरान डोली सबसे पहले गंगोत्री धाम से करीब आठ किलोमीटर दूर स्थित भैरव मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद लगभग 16 किलोमीटर की यात्रा कर मार्कण्डेय मंदिर पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा।
11 नवंबर को डोली यहां से करीब एक किलोमीटर की दूरी तय कर मुखबा मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद अगले छह महीने तक मुखबा में ही मां गंगा की पूजा-अर्चना होगी। श्रद्धालु भी यहीं मां गंगा के दर्शन कर सकेंगे।
माइनस 10 डिग्री तक पहुंचा तापमान
गंगोत्री धाम में कपाट बंद होने के दौरान कड़ाके की ठंड रही। सुबह के समय यहां तापमान माइनस 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन में पारा माइनस 2 से 3 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।
सुबह धाम में करीब 200 श्रद्धालु मौजूद थे। हालांकि, कपाट बंद होने से पहले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़कर एक हजार से अधिक हो गई। मंदिर समिति के अनुसार, इस सीजन में करीब 10 लाख श्रद्धालुओं ने मां गंगा के दर्शन किए।
11 और 16 नवंबर को बंद होंगे अन्य धामों के कपाट
चारधाम यात्रा के तहत अब अन्य धामों के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 11 नवंबर को यमुनोत्री धाम के कपाट सुबह 10:28 बजे और केदारनाथ धाम के कपाट सुबह 8:30 बजे बंद होंगे। वहीं, बद्रीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को रात 9:37 बजे बंद किए जाएंगे।
शीतकाल के दौरान यमुनोत्री धाम की पूजा खरसाली, केदारनाथ की पूजा ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर और बद्रीनाथ धाम की पूजा पांडुकेश्वर व जोशीमठ में होगी।









