अहमदाबाद। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह रविवार को गुजरात में 1,542 करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान वह साबरमती रेलवे स्टेशन से देश की पहली LNG-पावर्ड ड्यूल-फ्यूल ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन वैकल्पिक ईंधन के इस्तेमाल की दिशा में भारतीय रेलवे की नई पहल मानी जा रही है।
LNG और डीजल दोनों से चलेगा इंजन
इस ट्रेन की खासियत इसका ड्यूल-फ्यूल सिस्टम है। ट्रेन के इंजन को LNG और डीजल दोनों पर चलने के लिए तैयार किया गया है। ईंधन की उपलब्धता और जरूरत के अनुसार इंजन दोनों ईंधनों के बीच स्विच कर सकता है। रेलवे के मुताबिक, इस तकनीक का उद्देश्य डीजल की खपत कम करना और वैकल्पिक ईंधन के इस्तेमाल को बढ़ावा देना है।
2,000 किलोमीटर से ज्यादा का ट्रायल
परियोजना के तहत 1,400 हॉर्सपावर क्षमता वाले दो ड्राइविंग पावर कार (DPC) को LNG-डीजल ड्यूल-फ्यूल सिस्टम में बदला गया है। इनका 2,000 किलोमीटर से अधिक का फील्ड ट्रायल पूरा हो चुका है। मेहसाणा और साबरमती के बीच करीब आठ महीने तक तकनीक का परीक्षण किया गया, जिसके बाद ट्रेन को आगे बढ़ाने की तैयारी की गई।
आगे और ट्रेनों में अपनाने की तैयारी
रेलवे की योजना आने वाले समय में 8 से 10 और ट्रेनों में LNG तकनीक को अपनाने की है। रिपोर्टों के अनुसार LNG के इस्तेमाल से डीजल की खपत और कुछ उत्सर्जन में कमी लाने की उम्मीद है।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/manipur-violence-two-naga-civilians-killed/
1,542 करोड़ की रेल परियोजनाएं
अमित शाह साबरमती में WAG-12 लोकोमोटिव मेंटेनेंस शेड समेत कई रेल परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा विभिन्न रेल खंडों पर ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग, साबरमती-सरखेज लाइन के दोहरीकरण और अहमदाबाद-पालनपुर व अहमदाबाद-समखियाली सेक्शन पर कवच सुरक्षा प्रणाली से जुड़े कार्य भी शामिल हैं।









