खालिस्तान झंडे के दावे पर पंजाब पुलिस का खंडन, FIR दर्ज

SFJ के वीडियो के बाद मचा विवाद, पुलिस बोली- स्कूल परिसर में ऐसा कोई झंडा नहीं मिला, दावा भ्रामक

जालंधर। पंजाब के जालंधर जिले में सरकारी स्कूल में कथित तौर पर खालिस्तान जनमत संग्रह का झंडा लगाए जाने के दावे के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। यह मामला 15 अगस्त से पहले सामने आने के कारण संवेदनशील माना जा रहा है। अलगाववादी संगठन Sikhs for Justice (SFJ) से जुड़े गुरपतवंत सिंह पन्नू ने एक वीडियो जारी कर दावा किया कि जालंधर के कोटला हेरां स्थित सरकारी मिडिल स्कूल में खालिस्तान जनमत संग्रह का झंडा लगाया गया है।

पन्नू ने अपने संदेश में पंजाब के युवाओं से स्वतंत्रता दिवस समारोह में हिस्सा नहीं लेने और भारतीय तिरंगा न फहराने की अपील की। उसने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान जहां-जहां स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराएंगे, वहां विरोध किया जाएगा।

हालांकि, पुलिस ने इस दावे को खारिज कर दिया है। सूचना मिलने पर उप-मंडल नकोदर के डीएसपी ओंकार सिंह बराड़, थाना सदर नकोदर के प्रभारी और पुलिस टीम ने तत्काल स्कूल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान स्कूल परिसर में ऐसा कोई झंडा नहीं मिला।

पुलिस के अनुसार, वीडियो में किया गया दावा निराधार और तथ्यों से परे पाया गया है। भ्रामक सूचना फैलाने और मामले की सत्यता की जांच के लिए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस संबंध में एफआईआर दर्ज की जा रही है और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, जालंधर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हरविंदर सिंह विर्क ने मामले पर तत्काल कोई टिप्पणी करने से इनकार किया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button