लखनऊ में युवक की संदिग्ध मौत, दोस्तों पर हत्या का आरोप

घर से बुलाकर ले जाने के बाद मारपीट का आरोप, पेट में रॉड लगने से मौत की बात; पुलिस ने केस दर्ज किया

लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक देर रात घर के बाहर अचेत अवस्था में मिला था। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मामा कॉलोनी, फैजुल्लागंज निवासी शुभम सोनी पुत्र प्रेम कुमार सोनी ड्राइवरी करता था। परिजनों के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 7 बजे वह दोस्तों के बुलाने पर घर से बाहर गया था। देर रात शुभम घर के बाहर अचेत अवस्था में मिला।

शुभम की मां मालती ने आरोप लगाया कि शिवम, सुमित और मथुरा उसे घर से बुलाकर ले गए थे। आरोप है कि दोस्तों ने पहले उसे शराब पिलाई और फिर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद घायल अवस्था में उसे घर के बाहर छोड़ दिया गया। परिजनों ने उसके शरीर पर चोट के निशान होने की बात भी कही है।

पुलिस के मुताबिक, शुभम के भाई शिवम की शिकायत पर सुमित और उसके पिता मथुरा के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पायल बेचने के विवाद में मारपीट का आरोप

परिजनों के मुताबिक, कुछ दिन पहले सुमित ने एक पायल बेची थी, जिसे शुभम ने बिकवाने में मदद की थी। बाद में शुभम को पता चला कि सुमित ने अपनी मां की पायल बेच दी है। इस पर शुभम ने सुमित के परिवार को इसकी जानकारी देने की बात कही थी।

आरोप है कि इसी बात को लेकर सुमित नाराज था और दोनों के बीच विवाद चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि शनिवार रात करीब 10 बजे सुमित और उसके पिता ने शुभम के साथ मारपीट की और उसके पेट में रॉड घुसा दी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसकी मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button