अमरनाथ यात्रा में बड़ा बदलाव, बालटाल रूट पर बनेगा 11.6 किमी रोपवे

2029 तक तैयार होगा केबल कार प्रोजेक्ट, श्रद्धालुओं का सफर 30 मिनट में पूरा होगा

श्रीनगर। अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सुविधा की तैयारी की जा रही है। केंद्र सरकार बालटाल रूट पर 11.6 किलोमीटर लंबा केबल कार (रोपवे) प्रोजेक्ट विकसित करने जा रही है, जिससे यात्रा का समय कई घंटों से घटकर कुछ ही मिनटों का रह जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, यह प्रोजेक्ट नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड (NHLML) द्वारा तैयार किया गया है और इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल चुकी है। योजना के तहत नवंबर-दिसंबर में टेंडर जारी किए जाएंगे और अप्रैल 2027 से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। इसे 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

रोपवे बालटाल के डोमेल गेट से शुरू होकर संगम टॉप तक जाएगा। हालांकि अमरनाथ गुफा और प्राकृतिक शिवलिंग की संवेदनशीलता को देखते हुए अंतिम स्टेशन गुफा से लगभग 2 किलोमीटर पहले बनाया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं को अंतिम दूरी पैदल या पालकी के माध्यम से तय करनी होगी।

वर्तमान में बालटाल से अमरनाथ गुफा तक लगभग 14 किलोमीटर की कठिन पैदल चढ़ाई करनी पड़ती है, जिसमें 5 से 8 घंटे लगते हैं। रोपवे शुरू होने के बाद यह सफर घटकर लगभग 25 से 30 मिनट का रह जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button