नई दिल्ली। मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। नई कीमतें 12 नवंबर यानी गुरुवार से लागू होंगी। कंपनी ने किसानों से दूध खरीदने की लागत बढ़ने को इस फैसले की वजह बताया है। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है।
दिल्ली-NCR में कंपनी के टोंड, फुल क्रीम, डबल टोंड और गाय के दूध समेत सभी प्रमुख वैरिएंट महंगे हो गए हैं। कंपनी ने इससे पहले 14 मई 2026 को दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। वहीं, अप्रैल 2025 में भी दामों में बदलाव किया गया था।
खरीद लागत बढ़ने से लिया फैसला
पीटीआई के मुताबिक, कंपनी से जुड़े सूत्रों ने बताया कि किसानों से दूध खरीदने की लागत में काफी इजाफा हुआ है। इसके अलावा दूध की खरीद और अन्य परिचालन खर्च भी बढ़े हैं। इससे कंपनी पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा था।
सूत्रों के अनुसार, बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालते हुए खुदरा कीमतों में संशोधन करना जरूरी हो गया था।
1974 में हुई थी मदर डेयरी की शुरुआत
मदर डेयरी की शुरुआत 1974 में हुई थी। यह नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) की सब्सिडियरी कंपनी है। कंपनी अपने दूध की बिक्री से होने वाली कमाई का करीब 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को देती है।
मदर डेयरी दिल्ली-NCR में अपने आउटलेट्स, जनरल ट्रेड और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए रोजाना लगभग 35 लाख लीटर दूध बेचती है। कंपनी की कुल दैनिक दूध बिक्री 50 लाख लीटर से अधिक है।
दूध के अलग-अलग वैरिएंट में क्या है अंतर?
मदर डेयरी अलग-अलग फैट मात्रा के हिसाब से दूध के कई वैरिएंट बेचती है। इनके इस्तेमाल और पोषण संबंधी विशेषताएं भी अलग-अलग होती हैं।
-
फुल क्रीम मिल्क: इसमें कम से कम 6 प्रतिशत फैट होता है। यह अपेक्षाकृत गाढ़ा होता है।
-
टोंड मिल्क: इसमें फैट की मात्रा करीब 3 प्रतिशत रखी जाती है। इसे स्किम्ड मिल्क और अन्य दूध के मिश्रण से तैयार किया जाता है।
-
डबल टोंड मिल्क: इसमें फैट की मात्रा करीब 1.5 प्रतिशत होती है। यह कम फैट वाला विकल्प है।
-
बल्क टोंड मिल्क: यह मदर डेयरी के वेंडिंग बूथ पर सीधे मिलता है। इसे पाउच में पैक करके नहीं बेचा जाता।









