‘मुस्लिम समाज की तरक्की पर बात करें मौलाना’

ओमप्रकाश राजभर ने मदनी पर साधा निशाना

  • अंबेडकरनगर पहुंचे कैबिनेट मंत्री ने सरकारी नौकरियों में मुस्लिम भागीदारी घटने का किया दावा
  • अखिलेश यादव से गोरखपुर के चुनावी घटनाक्रम पर मांगा जवाब

अंबेडकरनगर। कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बुधवार को अंबेडकरनगर पहुंचकर मौलाना अरशद मदनी और विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने मुस्लिम समाज की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का मुद्दा उठाया। कहा कि समाज के विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सरकारी नौकरियों पर चर्चा होनी चाहिए। उनके मुताबिक, मौलवी-मौलाना इन मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय राजनीतिक दलों के पक्ष में वोट दिलाने में लगे रहते हैं। उन्होंने मुस्लिम समाज के पिछड़ेपन के लिए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की राजनीति पर भी सवाल उठाए।

सरकारी नौकरियों में भागीदारी एक प्रतिशत से कम होने का दावा

सर्किट हाउस में सुबह करीब 10 बजे पत्रकारों से बातचीत के दौरान राजभर ने दावा किया कि आजादी के बाद सरकारी नौकरियों में मुसलमानों की भागीदारी 38 प्रतिशत थी, जो अब घटकर एक प्रतिशत से भी कम रह गई है। हालांकि, उन्होंने इस आंकड़े के समर्थन में कोई स्रोत नहीं बताया।

मस्जिदों और अन्य धार्मिक स्थलों पर कार्रवाई के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई अदालत के आदेशों के तहत की जाती है। हाईकोर्ट सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने का आदेश देता है तो सरकार को उसका पालन करना पड़ता है। उन्होंने मौलाना अरशद मदनी को अदालत के आदेशों का अध्ययन करने की सलाह भी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button