अम्बेडकरनगर। किछौछा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मामलों को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विहिप के प्रांत संगठन मंत्री विजय प्रताप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कथित लव जिहाद, अवैध निर्माण और शिकायतों पर कार्रवाई में देरी का मुद्दा उठाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में शिकायतों के बाद भी प्रशासन की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। विहिप ने इन प्रकरणों में निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
“नोटिस के बाद भी आगे नहीं बढ़ी कार्रवाई”, गेस्ट हाउस मामले में उठाए सवाल
विहिप प्रांत संगठन मंत्री ने किछौछा में दो नाबालिग हिंदू लड़कियों से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उन्हें लंबे समय तक बंधक बनाकर रखा गया था।
उन्होंने कहा कि जिस गेस्ट हाउस में रखने की बात सामने आई थी, जांच में वह अवैध पाया गया था और प्रशासन की ओर से नोटिस भी जारी किया गया था। हालांकि, इसके बाद की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी।
विहिप ने मांग की कि पूरे मामले की समीक्षा कर दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
किछौछा में कथित अवैध निर्माण का मुद्दा भी उठाया
प्रेस कॉन्फ्रेंस में विजय प्रताप ने किछौछा क्षेत्र में कथित अवैध मजार और मस्जिद निर्माण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की ओर से केवल नोटिस जारी करने तक कार्रवाई सीमित रह गई।
उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण से जुड़े मामलों में नियमों के अनुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जानी चाहिए।









