- टेस्ला ने X पर ‘गो फॉर लॉन्च’ पोस्ट के साथ 1 अक्टूबर की तारीख का संकेत दिया
- सेकेंड जनरेशन रोडस्टर में कोल्ड गैस थ्रस्टर्स मिलने की संभावना
- 2017 में हुआ था ऐलान, अब तक कई बार टली लॉन्चिंग
नई दिल्ली। इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनी टेस्ला अपनी सेकेंड जनरेशन ‘रोडस्टर’ स्पोर्ट्स कार को 1 अक्टूबर को पेश कर सकती है। कंपनी ने X पर ‘गो फॉर लॉन्च’ लिखकर एक पोस्ट शेयर की है, जिसमें 10.01 की तारीख दी गई है। इसे नई रोडस्टर की लॉन्चिंग से जोड़कर देखा जा रहा है।
हवा में थोड़ी लिफ्ट मिलने की संभावना
नई रोडस्टर में कोल्ड गैस थ्रस्टर्स दिए जाने की संभावना है। इनकी मदद से कार को कुछ समय के लिए हवा में थोड़ी लिफ्ट मिल सकती है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि कार किसी विमान की तरह आसमान में उड़ते हुए एक जगह से दूसरी जगह जा सकेगी। इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से परफॉर्मेंस बढ़ाने और शॉर्ट-टर्म लिफ्ट के लिए किया जा सकता है।
2017 में पहली बार दिखाई गई थी कार
टेस्ला ने सेकेंड जनरेशन रोडस्टर को पहली बार नवंबर 2017 में पेश किया था। उस समय इसे कंपनी की बेहद खास स्पोर्ट्स कार के तौर पर दिखाया गया था। हालांकि, इसके बाद कई बार इसकी प्रोडक्शन और लॉन्च डेट आगे बढ़ती रही।
करीब 8 साल से लॉन्च का इंतजार
पहले उम्मीद थी कि नई रोडस्टर 2020 तक सड़कों पर उतर जाएगी। लेकिन डिजाइन और मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी चुनौतियों के चलते इसकी लॉन्चिंग लगातार टलती रही। अब इसके मूल ऐलान के करीब 8 साल बाद एक बार फिर कार के लॉन्च को लेकर उम्मीद बढ़ी है।









