सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद हंगामा

लखनऊ। राजधानी के सरोजनी नगर थाना क्षेत्र स्थित माती गांव में मंगलवार को सड़क हादसे में मारे गए युवक जयचंद (40) की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। भीड़ ने आरोपी पिकअप चालक की गिरफ्तारी की मांग की।

यह घटना सोमवार दोपहर की है, जब जयचंद अनूप खेड़ा गांव से बाइक से घर लौट रहे थे। माती गांव स्थित आशीष हार्डवेयर के पास तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि जयचंद की मौके पर ही मौत हो गई

पोस्टमॉर्टम के बाद शव पहुंचा तो भड़का गुस्सा

मंगलवार सुबह जैसे ही जयचंद का शव पोस्टमॉर्टम के बाद गांव पहुंचा, स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए। लोगों ने अस्पताल रोड पर जाम लगाकर न्याय और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।

 मृतक जयचंद थे इकलौते पुत्र

जयचंद अपने पिता नेकराम की इकलौती संतान थे। उनके परिवार में पत्नी रोशनी, तीन बेटियां और दो छोटे बेटे हैं। हादसे के बाद परिवार गहरे सदमे में है। पत्नी और पिता ने प्रशासन से जल्द न्याय की मांग की है।

पुलिस ने दिया कार्रवाई का भरोसा

बिजनौर प्रभारी निरीक्षक अरविंद राणा ने बताया कि नेकराम की तहरीर पर अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।

उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को समझाकर शांत कराया गया है और जल्द ही चालक को पकड़कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button