- कहा- बहनों के सिंदूर को मिटाने वालों का मिटना तय है
- 22 मिनट में सेना ने सीमा पार 9 आतंकी ठिकाने किए ध्वस्त
- आदिवासी समाज के लिए योजनाओं का लाभ लाखों लोगों तक पहुंचा
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे की शुरुआत सोमवार को वडोदरा से की। रोड शो के बाद उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर खुलकर बयान दिया। उन्होंने कहा, “जब कोई हमारी बहनों के सिंदूर को मिटाने की कोशिश करेगा, तो उसका मिटना भी तय है। आतंक फैलाने वालों ने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि मोदी से मुकाबला करना कितना मुश्किल होता है।”
प्रधानमंत्री ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि देश की भावनाओं की अभिव्यक्ति थी। “बाल-बच्चों के सामने पिता को मार दिया गया। आज भी वो तस्वीरें देखकर खून खौल जाता है। इसलिए देश की जनता ने जिस जिम्मेदारी के लिए मुझे प्रधान सेवक चुना, वो निभाई गई,” मोदी ने कहा।
उन्होंने दावा किया कि भारत की सेना को खुली छूट दी गई और हमारी तीनों सेनाओं ने सीमा पार आतंक के 9 बड़े ठिकानों को 22 मिनट में ध्वस्त कर दिया। मोदी बोले, “पाकिस्तानी सेना ने दुस्साहस दिखाया तो हमारी सेना ने उन्हें धूल चटा दी।”
आदिवासी समाज और विकास योजनाएं भी रहीं फोकस में
प्रधानमंत्री ने जनसभा में कहा कि उन्होंने उन लोगों के लिए योजनाएं बनाईं, “जिन्हें कोई नहीं पूछता। आदिवासी समाज में जो सबसे पीछे हैं, उनके लिए काम किया जा रहा है। लाखों आदिवासी भाई-बहनों को इसका लाभ मिल रहा है।”
दाहोद में मैन्युफैक्चरिंग का नया युग
पीएम मोदी ने दाहोद में देश की पहली रेलवे प्रोडक्शन यूनिट का उद्घाटन किया, जहां अब लोकोमोटिव इंजन और मेट्रो कोच बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया, “तीन साल पहले जब यहां शिलान्यास हुआ था, तब कुछ लोग कहते थे कि कुछ नहीं बनने वाला। लेकिन आज पहला इलेक्ट्रिक इंजन बनकर तैयार है।”
उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलिया, स्पेन, इटली, मैक्सिको और जर्मनी जैसे देशों में भारत निर्मित मेट्रो कोच भेजे जा रहे हैं। जॉम्बिया में मेड इन इंडिया ट्रेन दौड़ रही है।
गुजरात में ₹77 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट्स की शुरुआत
प्रधानमंत्री गुजरात दौरे में ₹77,000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की नींव रखेंगे। दाहोद में ₹24,000 करोड़, जबकि भुज में ₹53,400 करोड़ से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी। इसमें सड़कों, जल प्रबंधन, ऊर्जा और रेलवे से जुड़े कई प्रोजेक्ट शामिल हैं।
देश की नई ऊर्जा का प्रतीक बन रहा भारत
मोदी ने कहा, “आज देश खिलौनों से लेकर रक्षा उपकरणों तक का एक्सपोर्ट कर रहा है। रेल, मेट्रो और तकनीक में आत्मनिर्भर भारत की पहचान बन चुकी है। देश अब विश्वास के उजाले में तिरंगा फहरा रहा है।”
जनता से सीधा संवाद और रोड शो में भावुक पल
वडोदरा रोड शो में कर्नल सोफिया कुरैशी की बहनें भी मौजूद रहीं। उनके भाई संजय कुरैशी ने बताया, “PM ने इशारों से अभिवादन किया, मेरी बहन ने उन महिलाओं का बदला लिया जिन्होंने अन्याय सहा। इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता।”
उनकी जुड़वां बहन शायना ने कहा, “सोफिया अब केवल मेरी बहन नहीं, देश की बहन है।” वहीं, एक NRI छात्रा अर्नाज ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर से आतंकवाद को सटीक जवाब मिला।”








