
- खेत में खून के धब्बे और टूटी चूड़ियां मिलने से फैली सनसनी
- तीन थानों की पुलिस, एसओजी और स्वाट टीम सर्च ऑपरेशन में जुटी
- हत्या और अपहरण दोनों एंगल से हो रही जांच
अम्बेडकरनगर| जिले के भीटी थाना क्षेत्र के खमपुर गांव में शुक्रवार शाम से एक वृद्धा के रहस्यमय ढंग से लापता होने से सनसनी फैल गई है। 70 वर्षीय रामरति (पत्नी रामजीवन निषाद) खेत में धान काटने गई थीं लेकिन रातभर घर नहीं लौटीं। शनिवार सुबह जब परिजन उन्हें ढूंढने पहुंचे, तो खेत में खून के धब्बे, टूटी चूड़ियां और जमीन पर घसीटने के निशान मिले।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। भीटी, जहांगीरगंज और आसपास के थानों की पुलिस के अलावा स्वाट टीम, एसओजी और फोरेंसिक विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया गया। खेतों, झाड़ियों, नालों और तालाबों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी महिला का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
खेत में मिले संघर्ष के निशान
रामरति शुक्रवार शाम करीब 5 बजे घर से अकेले खेत पर धान काटने गई थीं। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों को चिंता हुई। शनिवार सुबह खेत पर तलाश के दौरान परिजनों को कई चौंकाने वाले साक्ष्य मिले — खेत की मिट्टी पर खून के निशान थे, उनकी चूड़ियां टूटी हुई थीं और जमीन पर खींचे जाने जैसे घसीटने के गहरे निशान साफ देखे जा सकते थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटनास्थल पर संघर्ष के स्पष्ट संकेत मौजूद हैं, जिससे आशंका है कि रामरति के साथ जबरदस्ती हुई है और उन्हें कहीं घसीट कर ले जाया गया है।








