
अम्बेडकरनगर। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति सुधारने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनपद में संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की गई। बैठक के दौरान खराब प्रगति और संतोषजनक जवाब न देने पर कई अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, आयुष्मान भारत योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सभी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
टीकाकरण में शत-प्रतिशत लक्ष्य का निर्देश
जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि टीकाकरण से आच्छादित बच्चों की स्थिति का रेंडम सत्यापन कराया जाए। उन्होंने कहा कि टीकाकरण से वंचित और ओवरड्यू बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए गए।
साथ ही जनपद के सभी राजस्व ग्रामों और शहरी वार्डों में पांच वर्ष तक के बच्चों का ग्रामवार और वार्डवार टीकाकरण विवरण रजिस्टर तैयार करने के निर्देश दिए गए, ताकि निगरानी व्यवस्था मजबूत हो सके।









