
लखनऊ: गोमती नगर स्थित फूड वैली में मंगलवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब सिविल ड्रेस में आए चार लोगों ने एक युवक को जबरन पकड़ लिया। युवक अपने परिवार के साथ डिनर करने पहुंचा था, लेकिन अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
फूड वैली में मचा हंगामा
बताया जा रहा है कि सादे कपड़ों में आए लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए युवक को पकड़ना शुरू कर दिया। युवक ने इसका विरोध किया और शोर मचाने लगा। उसके साथ मौजूद पत्नी और बच्चे भी उसे छोड़ने की गुहार लगाते रहे।
इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और कई लोगों ने घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। भीड़ लगातार युवक को पकड़ने की वजह पूछती रही, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
जमीन विवाद में वांछित था युवक
मामले में एसीपी गोमतीनगर बृज नारायण सिंह ने बताया कि युवक को ठाकुरगंज पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह एक जमीन विवाद के मामले में वांछित चल रहा था।
वहीं ठाकुरगंज इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह के अनुसार, जनवरी में हुए एक जमीन विवाद में “ओलू” नाम के व्यक्ति के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
मंगलवार रात उसे गोमती नगर इलाके से पकड़ लिया गया।








