दिल्ली : देशभर में बढ़ती गर्मी के बीच राजधानी दिल्ली में हालात गंभीर होते जा रहे हैं। मौसम विभाग के हीट वेव अलर्ट के बाद Delhi सरकार ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री Rekha Gupta ने ‘हीट वेव एक्शन प्लान-2026’ की समीक्षा करते हुए कई अहम फैसले लिए हैं, जिनका उद्देश्य आम जनता, बच्चों और श्रमिकों को राहत देना है।
बच्चों और श्रमिकों के लिए विशेष व्यवस्था
सरकार ने निर्देश दिया है कि स्कूली बच्चों को जरूरत पड़ने पर छुट्टी से पहले ORS घोल देकर घर भेजा जाएगा, ताकि डिहाइड्रेशन से बचाव हो सके। वहीं निर्माण स्थलों पर काम करने वाले मजदूरों को पानी, टोपी, गमछा और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
12 से 3 बजे तक काम पर रोक
भीषण गर्मी को देखते हुए दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक खुले में काम करने पर रोक लगाने का फैसला लिया गया है। यह कदम हीट स्ट्रोक के खतरे को कम करने के लिए उठाया गया है।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में
दिल्ली के सभी जिलों में 300 से अधिक स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट पर रखा गया है। इसके साथ ही कई अस्पतालों में विशेष ‘कूल रूम’ बनाए गए हैं, जहां हीट वेव से प्रभावित मरीजों का इलाज किया जाएगा।
‘कूल रूफ पॉलिसी’ से राहत
सरकार ने ‘कूल रूफ पॉलिसी 2026’ के तहत इमारतों की छतों पर रिफ्लेक्टिव कोटिंग शुरू की है, जिससे तापमान कम रखने में मदद मिलेगी। यह पहल खासतौर पर भीड़भाड़ वाले इलाकों में असरदार मानी जा रही है।
बढ़ती बिजली मांग पर फोकस
गर्मी के कारण बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने की संभावना है। सरकार ने बिजली कंपनियों को बिना कटौती सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।









