
लखनऊ के गोमतीनगर इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने अपने पड़ोसी पर बाथरूम में झांकने और मोबाइल से वीडियो बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, वह गोमतीनगर के विवेक खंड क्षेत्र में रहती हैं। उनके घर के बगल में रहने वाले विक्रम और उसका बेटा हरकेश काफी समय से अभद्र व्यवहार कर रहे थे। आरोप है कि शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे जब उनकी बहन बाथरूम में नहा रही थीं, तभी पड़ोसी अपने कमरे की ओर से झांकते हुए मोबाइल से वीडियो बना रहा था।
जैसे ही युवती की बहन की नजर आरोपी पर पड़ी, उन्होंने शोर मचाया। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी कमरे का दरवाजा बंद कर अंदर छिप गया।
पीड़िता ने गोमतीनगर थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।









