नकली एंकर उत्पादों पर बड़ी कार्रवाई

अकबरपुर में दो दुकानों पर छापा, दर्जनों नकली इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद

अंबेडकरनगर। अकबरपुर थाना क्षेत्र में नकली इलेक्ट्रॉनिक सामान की बिक्री पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शहजादपुर और मशीनरी मार्केट स्थित दो दुकानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में एंकर ब्रांड के नकली उत्पाद बरामद किए गए हैं। दोनों मामलों में कॉपीराइट एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

गुप्त सूचना पर शुरू हुई कार्रवाई

7 मई 2026 को पैनासोनिक लाइफ सॉल्यूशंस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि सुनील कुमार ने पुलिस को सूचना दी कि क्षेत्र में एंकर ब्रांड के नकली उत्पादों की बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम और कंपनी प्रतिनिधि ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।

शहजादपुर की दुकान से बड़ी खेप बरामद

पहली कार्रवाई शहजादपुर स्थित डीएम इलेक्ट्रिकल इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर की गई। तलाशी के दौरान मो. इरफान पुत्र दोस्त मोहम्मद ने खुद को दुकान का संचालक बताया। जांच में 58 नकली फैन रेगुलेटर और 6 नकली 6एम टॉप प्लेट बरामद हुए।

टीम ने मौके से एक फैन रेगुलेटर और एक टॉप प्लेट को नमूने के तौर पर सील किया। पूछताछ में दुकानदार किसी भी प्रकार का बिल या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

मशीनरी मार्केट में भी मिला नकली सामान

इसके बाद पुलिस टीम मशीनरी मार्केट स्थित बीओबी बैंक के पास शिमला इलेक्ट्रिक दुकान पहुंची। यहां दुकानदार सुशील कुमार पुत्र विदा प्रसाद ने दुकान का संचालन करना स्वीकार किया। जांच में 10 नकली 3 पिन प्लग टॉप बरामद किए गए।

यहां भी बरामद माल से संबंधित कोई वैध बिल या खरीद दस्तावेज उपलब्ध नहीं हो सके। एक प्लग टॉप को जांच के लिए सील किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button