मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की तैयारियां तेज

गुणवत्ता और पारदर्शिता पर रहेगा विशेष जोर डीएम ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, उपहार सामग्री से लेकर आवेदन सत्यापन तक तय किए मानक

अम्बेडकरनगर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विवाह कार्यक्रम समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने की। इस दौरान कार्यक्रम की तैयारियों, लाभार्थियों के सत्यापन और उपहार सामग्री की खरीद सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवविवाहित जोड़ों को उपलब्ध कराई जाने वाली सभी उपहार सामग्री निर्धारित मानकों और उच्च गुणवत्ता के अनुरूप खरीदी जाए। उन्होंने कहा कि प्रेस, पैंट-शर्ट, साड़ी, कंबल, बेडशीट, डिनर सेट, गद्दा सहित अन्य सामग्री की खरीद में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाए।

ऑनलाइन आवेदनों के सत्यापन में बरती जाए पूरी पारदर्शिता

जिलाधिकारी ने योजना के अंतर्गत प्राप्त सभी ऑनलाइन आवेदनों का समयबद्ध और पारदर्शी सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से जांच की जाए और केवल पात्र एवं सत्यापित लाभार्थियों को ही योजना का लाभ दिया जाए। सत्यापन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निविदा प्रक्रिया समय पर पूरी करने के निर्देश

बैठक में सामूहिक विवाह कार्यक्रम से जुड़ी निविदा प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासनादेश और जेम (GeM) पोर्टल के प्रावधानों के अनुरूप निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी कर कार्यक्रम की तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित की जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button