अम्बेडकरनगर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में रविवार को 27वां कारगिल विजय दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों को सम्मानित किया गया। इसके बाद सैनिक बन्धु बैठक में पूर्व सैनिकों की समस्याओं और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने की। आयोजन में कारगिल युद्ध विजेता, वीरता पुरस्कार विजेता, पूर्व सैनिक, वीर नारियां और जनपद के नागरिक शामिल हुए।
कैप्टन मनोज कुमार पाण्डेय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि से शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ परमवीर चक्र (मरणोपरांत) से सम्मानित कैप्टन मनोज कुमार पाण्डेय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद कारगिल युद्ध में देश के लिए बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल बीके शुक्ला ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कारगिल विजय दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने भारतीय सेना के साहस, शौर्य और बलिदान को याद किया।
कारगिल योद्धाओं ने साझा किए युद्ध के अनुभव
समारोह में कारगिल युद्ध की वीरगाथा का वाचन किया गया। जनपद के कारगिल योद्धाओं ने युद्ध के दौरान अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान कारगिल युद्ध में प्रदेश और जिले के सैनिकों के योगदान को याद करते हुए पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और वीरता पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया गया।
वीर नारियों और सैनिक परिवारों को मिली सहायता
कार्यक्रम में शहीद सैनिक स्वर्गीय देवी प्रकाश सिंह (वीर चक्र) की पत्नी फूलपती देवी को वार्षिकी के रूप में 85,800 रुपये का चेक प्रदान किया गया।
वहीं, स्वर्गीय कैप्टन सौरभ गुप्ता (सेना मेडल-वीरता) के पिता पूर्व सूबेदार लालजी गुप्ता को 15,000 रुपये की वार्षिकी का चेक दिया गया।









