- राहुल गांधी समेत विपक्षी सांसदों ने किया प्रतीकात्मक चंदा
- हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही हुई स्थगित
- जन्म-मृत्यु पंजीकरण संशोधन बिल 2026 ध्वनि मत से पारित
- किरेन रिजिजू ने विपक्ष से चर्चा में शामिल होने की अपील की
नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के दौरान शुक्रवार को राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान सांसद पप्पू यादव पुजारी के वेश में दानपेटी लेकर पहुंचे। राहुल गांधी सहित कई विपक्षी सांसदों ने प्रतीकात्मक रूप से दानपेटी में चंदा डालकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान सांसदों ने ‘अमित शाह संसद से गायब क्यों’ लिखे बैनर भी प्रदर्शित किए।
लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई, लेकिन विपक्ष के हंगामे के कारण सदन को दोपहर 12 बजे तक स्थगित करना पड़ा। दोबारा कार्यवाही शुरू होने पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने जन्म-मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026 को पारित कराने का प्रस्ताव रखा, जिसे ध्वनि मत से मंजूरी मिल गई। इसके बाद लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 3 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दी गई।
इस दौरान संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से सदन में चर्चा करने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र में बहस जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार चर्चा के लिए तैयार रहती है, इसलिए विपक्ष को हंगामे के बजाय विधेयकों पर चर्चा में भाग लेना चाहिए।









