- 4 वर्षीय बच्चे की आंख में पेंसिल लगने का आरोप
- बड़े भाई के कान से खून निकलने का दावा
- CCTV में शिक्षिका बच्चों से मारपीट करती दिखी
फिरोजाबाद। जिले के एक निजी स्कूल में महिला शिक्षिका पर दो सगे भाइयों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। परिजनों का दावा है कि पिटाई के दौरान चार वर्षीय बच्चे की आंख में पेंसिल लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, बड़े भाई के कान में चोट लगने से खून निकलने का भी आरोप लगाया गया है।
बच्चों की मां ने आरोप लगाया कि शिक्षिका ने गुस्से में छोटे बेटे की आंख में पेंसिल मार दी। घटना की शिकायत लेकर जब परिवार स्कूल पहुंचा तो स्कूल प्रबंधन ने आरोपों से इनकार कर दिया। परिजनों का कहना है कि CCTV फुटेज मांगने पर उन्हें बताया गया कि फुटेज डिलीट हो चुकी है। विरोध करने पर अभद्र व्यवहार और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया।
बताया गया कि 6 जुलाई की यह घटना थाना उत्तर क्षेत्र स्थित मदर प्राइड इंटरनेशनल स्कूल की है। हालांकि, बाद में सामने आए एक CCTV वीडियो में कक्षा के भीतर शिक्षिका बच्चों के साथ मारपीट करती दिखाई दे रही है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) और एसडीएम ने स्कूल पहुंचकर मामले की जांच की। वहीं, बच्चे के पिता की शिकायत पर स्कूल निदेशक, मैनेजर और दो शिक्षिकाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।









