- 19 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित है कांग्रेस नेता का कार्यक्रम
- राहुल गांधी ने छात्रों से समस्याएं और सुझाव साझा करने की अपील की
- कार्यक्रम की अनुमति को लेकर कांग्रेस और प्रशासन आमने-सामने
इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में 19 सितंबर को प्रस्तावित कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अब तक 1.50 लाख से अधिक छात्र और युवा रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। पार्टी इसे छात्रों और युवाओं से सीधे संवाद का बड़ा मंच बता रही है।
राहुल गांधी ने छात्रों से मांगी समस्याएं और सुझाव
राहुल गांधी ने बुधवार को छात्रों और युवाओं के नाम एक संदेश जारी किया। उन्होंने छात्रों से अपनी समस्याएं, चुनौतियां और सुझाव साझा करने की अपील की। राहुल ने कहा कि वह अलग-अलग शहरों में छात्रों से मुलाकात कर उनकी परेशानियों और चुनौतियों को समझने की कोशिश कर रहे हैं।
इसी अभियान के तहत 19 सितंबर को इंदौर में छात्रों के बीच पहुंचने की बात राहुल गांधी ने कही है।
वीडियो के जरिए भी रख सकेंगे अपनी बात
राहुल गांधी ने छात्रों से ऑनलाइन लिंक के माध्यम से अपनी बात साझा करने को कहा है। इसके साथ ही छात्र वीडियो बनाकर भी अपनी समस्याएं और सुझाव भेज सकते हैं।
उन्होंने कहा कि छात्रों की ओर से सामने आने वाली समस्याओं और सुझावों को समझकर मिलकर उम्मीद वापस लाने की कोशिश की जाएगी। कार्यक्रम के जरिए छात्रों की आवाज को सीधे सामने लाने पर जोर दिया जा रहा है।
11 दिन से अनुमति का इंतजार
कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस और प्रशासन के बीच अनुमति का मुद्दा बना हुआ है। कांग्रेस का कहना है कि वह पिछले 11 दिनों से कार्यक्रम की अनुमति लेने के लिए प्रयास कर रही है। इसके लिए कलेक्टर, नगर निगम, पुलिस और इंदौर विकास प्राधिकरण के स्तर पर आवेदन और अन्य प्रक्रिया चल रही है।









