छत्रपति संभाजीनगर। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बुधवार को स्पष्ट किया कि उनका संगठन फिलहाल राजनीतिक पार्टी का स्वरूप नहीं अपनाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भारत को एक मजबूत प्रेशर ग्रुप की जरूरत है और CJP उसी भूमिका में काम करेगी।
मीडिया से बातचीत में दीपके ने कहा कि यदि CJP राजनीतिक पार्टी बन जाती, तो आंदोलन अपने उद्देश्य में सफल नहीं हो पाता। उनके अनुसार, आंदोलन इसलिए प्रभावी रहा क्योंकि विभिन्न विचारधाराओं और राजनीतिक दलों के लोग लोकतंत्र को कमजोर करने वाले मुद्दों के खिलाफ एक मंच पर आए।
उन्होंने कहा कि देश को इस समय किसी नई राजनीतिक पार्टी की नहीं, बल्कि एक मजबूत जन आंदोलन की आवश्यकता है। इसी सोच के साथ संगठन आगे भी जनहित के मुद्दों पर अपनी भूमिका निभाएगा।
छत्रपति संभाजीनगर में बुधवार से CJP की दो दिवसीय बैठक शुरू हुई है। बैठक में जंतर-मंतर आंदोलन की समीक्षा, E20 पेट्रोल, शिक्षा व्यवस्था समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही संगठन को देशभर में मजबूत बनाने की रणनीति भी तय की जाएगी।









