विवादित बयान मामले में यूट्यूबर टीजी मोहनदास गिरफ्तार

NEET प्रदर्शनकारियों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप

तिरुवनंतपुरम। केरल पुलिस ने सोमवार को राइट विंग कमेंटेटर और यूट्यूबर टीजी मोहनदास को विवादित बयान के मामले में गिरफ्तार किया। उन पर NEET पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। पुलिस ने जांच के लिए उनके डिजिटल डिवाइस भी जब्त किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, मोहनदास ने 24 और 25 जुलाई को अपने यूट्यूब चैनल ‘पथरिका’ पर कुछ वीडियो अपलोड किए थे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इन वीडियो में उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और छात्राओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की और हिंसक कार्रवाई की बात कही।

प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही

पुलिस के अनुसार, मोहनदास ने वीडियो में कहा था कि अगर वह जंतर-मंतर पर होते तो वहां कर्फ्यू लगाकर प्रदर्शनकारियों को हटने का आदेश देते। आदेश नहीं मानने पर फायरिंग की बात कहने का भी आरोप है।

सोशल मीडिया से वीडियो हटाने का अनुरोध

पुलिस को मिली शिकायत में आरोप लगाया गया कि वीडियो के जरिए लोगों के बीच डर और अशांति फैलाने की कोशिश की गई। पुलिस ने सोशल मीडिया ऑपरेटरों से विवादित वीडियो हटाने का अनुरोध किया है।

पुलिस मोहनदास के यूट्यूब अकाउंट की जांच कर रही है। वीडियो बनाने और अपलोड करने में इस्तेमाल किए गए डिजिटल उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।

BNS और IT एक्ट के तहत मामला दर्ज

मोहनदास के खिलाफ BNS, IT एक्ट और केरल पुलिस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में दंगा भड़काने की कोशिश, झूठी जानकारी या अफवाह फैलाने जैसे आरोप शामिल हैं। जांच के दौरान अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।

थाने और कोर्ट के बाहर सुरक्षा बढ़ाई

पुलिस रविवार देर रात कोच्चि स्थित मोहनदास के घर पहुंची। इसके बाद उन्हें तिरुवनंतपुरम साइबर पुलिस स्टेशन लाया गया, जहां उनकी गिरफ्तारी हुई। सोमवार को उन्हें कोर्ट में पेश किए जाने की बात कही गई है।

हिरासत में लिए जाने की खबर के बाद उनके कोच्चि स्थित घर के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे। इसके मद्देनजर पुलिस ने तिरुवनंतपुरम साइबर पुलिस स्टेशन और संबंधित कोर्ट के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है।

गृह मंत्री बोले- कानूनी प्रक्रिया के तहत हुई गिरफ्तारी

केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने कहा कि मोहनदास के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद उसे तुरंत साइबर सेल के IG को भेजा गया था। उन्होंने कहा कि मोहनदास की गिरफ्तारी कानूनी प्रक्रिया के तहत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button