लखनऊ। सावन के दूसरे सोमवार को प्रदोष पर्व का विशेष संयोग बना है। इस मौके पर राजधानी लखनऊ के शिवालयों और मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंदिरों में हर-हर महादेव और जय-जय भोले के जयकारे गूंज रहे हैं। भक्त भगवान शिव को जल, बेलपत्र, भांग और धतूरा अर्पित कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
मनकामेश्वर मंदिर में रात से लगी कतार
डालीगंज स्थित प्राचीन मनकामेश्वर मंदिर में तड़के से ही शिवभक्तों की लंबी कतारें लग गईं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु रात से ही मंदिर के बाहर दर्शन के लिए लाइन में खड़े हो गए थे।
सुबह मंगला आरती के बाद बाबा मनकामेश्वर का विशेष शृंगार किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।
बुद्धेश्वर महादेव को फलों का भोग
ऐतिहासिक बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में भी भोर से ही भक्तों की भीड़ पहुंचने लगी। दर्शन और जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा।
मंदिर के कपाट सुबह 3 बजे ही श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए थे। भक्तों ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, भांग और धतूरा अर्पित कर भगवान शिव का अभिषेक किया। भगवान बुद्धेश्वर को फलों का भोग भी लगाया गया।









