- बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर का बयान
- भारत ने तारिक रहमान को द्विपक्षीय दौरे का न्योता दिया
- शेख हसीना के प्रत्यर्पण का मुद्दा भी बातचीत में शामिल
ढाका। बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा है कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान के भारत दौरे को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश भारत के साथ अच्छे और मजबूत संबंध चाहता है, लेकिन अपने राष्ट्रीय हितों से समझौता नहीं करेगा।
कबीर के मुताबिक, प्रधानमंत्री के भारत दौरे का फैसला दोनों देशों के बीच बातचीत और जरूरी तैयारियां पूरी होने के बाद किया जाएगा।
भारत ने द्विपक्षीय दौरे का न्योता भेजा
भारत ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को द्विपक्षीय दौरे के लिए आमंत्रित किया है। इसके अलावा उन्हें 12-13 सितंबर को होने वाले BRICS समिट के आउटरीच सेशन में शामिल होने का निमंत्रण भी मिला है।
इस संभावित दौरे को भारत और बांग्लादेश के बीच रिश्तों में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। 2024 में शेख हसीना के सत्ता से हटने और भारत आने के बाद दोनों देशों के संबंधों में तनाव बढ़ा है।
शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग
शेख हसीना सत्ता से हटने के बाद भारत आ गई थीं। इसके बाद बांग्लादेश लगातार भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग करता रहा है।
विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा कि शेख हसीना का प्रत्यर्पण मुद्दा भी दोनों देशों के बीच चल रही बातचीत का हिस्सा है। भारत का कहना है कि बांग्लादेश की ओर से किए गए अनुरोध की कानूनी प्रक्रिया के तहत समीक्षा की जा रही है।









