लाइब्रेरियन भर्ती की मांग को लेकर लखनऊ में युवाओं का प्रदर्शन

डिप्टी CM ने UPSSSC से की बात- डिप्टी सीएम आवास का घेराव

लखनऊ। लखनऊ में मंगलवार को बड़ी संख्या में युवाओं ने लाइब्रेरियन के पदों पर भर्ती की मांग को लेकर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास का घेराव किया। अलग-अलग जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों ने सरकार से जल्द भर्ती निकालने की मांग की।

अभ्यर्थियों ने कहा- सर, नौकरी चाहिए
प्रदर्शन के दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक खुद घर से बाहर निकले और अभ्यर्थियों से मुलाकात की। इस दौरान कुछ छात्रों ने उनके सामने हाथ जोड़कर नौकरी की मांग रखी, जबकि कुछ ने उनके पैर भी छुए।

UPSSSC अध्यक्ष से तुरंत की बात
अभ्यर्थियों की मांग सुनने के बाद डिप्टी सीएम ने तत्काल उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के अध्यक्ष से फोन पर बात की। उन्होंने अभ्यर्थियों की मांग पर समाधान निकालने के निर्देश दिए।

2016 के बाद भर्ती नहीं होने का दावा
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वर्ष 2016 के बाद से लाइब्रेरियन के पदों पर भर्ती नहीं हुई है। उनका आरोप है कि कई जगह लाइब्रेरी साइंस की डिग्री नहीं रखने वाले लोगों से काम कराया जा रहा है, जबकि संबंधित डिग्री हासिल कर चुके युवा नौकरी का इंतजार कर रहे हैं।

PET-2025 के आधार पर भर्ती की मांग
अभ्यर्थियों ने PET-2025 के आधार पर लाइब्रेरियन के पदों पर नई भर्ती निकालने की मांग की। उनका कहना है कि भर्ती होने से लंबे समय से नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं को अवसर मिलेगा और लाइब्रेरी साइंस की पढ़ाई करने वाले छात्रों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button