नई दिल्ली। नई दिल्ली में BRICS समिट से पहले राजधानी को पोस्टर और रोशनी वाली सजावट से सजाया गया है। दिल्ली के कई प्रमुख हिस्से त्योहार जैसे नजर आ रहे हैं। सम्मेलन को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को भी व्यवस्थित किया जा रहा है।
12-13 सितंबर को भारत मंडपम में सम्मेलन
BRICS समिट का आयोजन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में होगा। इस साल सम्मेलन की आधिकारिक थीम “बिल्डिंग फॉर रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी” रखी गई है।
35 से ज्यादा सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन
समिट के दौरान VIP काफिलों की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष प्लान तैयार किया है। इसके तहत 22 डायवर्जन पॉइंट बनाए गए हैं। 35 से ज्यादा सड़कों पर जरूरत के अनुसार ट्रैफिक को नियंत्रित या डायवर्ट किया जाएगा।
यातायात व्यवस्था को इस तरह संचालित किया जाएगा कि VIP मूवमेंट के दौरान आवाजाही में किसी तरह की परेशानी न हो।
11 सितंबर को हाईकोर्ट और जिला अदालतें बंद
BRICS सम्मेलन के मद्देनजर दिल्ली हाईकोर्ट और सभी जिला अदालतों में 11 सितंबर को अवकाश रहेगा। वहीं ट्रायल कोर्ट में 12 सितंबर को भी छुट्टी रहेगी।









