- एम्स दिल्ली की ऑटोप्सी रिपोर्ट में ज्यादा खून बहने को मौत की वजह बताया गया
- सीने और पेट पर भारी चीज से हमला किए जाने की बात सामने आई
- मामले में नाबालिग समेत 8 आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली। मणिपुरी संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की मौत को लेकर एम्स दिल्ली की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर चोटों का खुलासा हुआ है। 54 वर्षीय सिंह की मौत इलाज के दौरान हुई थी। ऑटोप्सी रिपोर्ट के मुताबिक, उनके शरीर में काफी ज्यादा खून बह गया था और सीने व पेट पर गंभीर चोटें पाई गईं।
सीने और पेट पर गंभीर चोटें
एम्स दिल्ली की ऑटोप्सी रिपोर्ट में बताया गया है कि सिंह के सीने और पेट पर भारी वस्तु से हमला किया गया था। चोटों की वजह से उनके शरीर के अंदर काफी खून जमा हुआ था। रिपोर्ट में शरीर के कई हिस्सों में खरोंच, नीले निशान और अंदरूनी चोटें भी दर्ज की गई हैं।
करीब 15 पसलियों में फ्रैक्चर
पोस्टमार्टम के दौरान सिंह की करीब 15 पसलियां टूटी मिलीं। रिपोर्ट के अनुसार, बाईं तरफ पहली से 11वीं पसली तक कई जगह फ्रैक्चर था। वहीं दाईं तरफ छठी से नौवीं पसली तक की पसलियों में भी फ्रैक्चर पाया गया।
इन फ्रैक्चर के आसपास खून जमा होने की बात भी ऑटोप्सी रिपोर्ट में कही गई है। इससे सीने पर लगी चोटों की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
शरीर के कई हिस्सों पर चोट
सिंह के सिर्फ सीने और पेट पर ही चोट नहीं थी, बल्कि सिर, चेहरे, हाथ, छाती, पीठ और पैरों पर भी चोट के निशान मिले। शरीर पर कई जगह खरोंच और नीले निशान भी पाए गए।
घर के बाहर शोर रोकने गए थे
पुलिस की एफआईआर के मुताबिक, 7 सितंबर को सिंह दक्षिण दिल्ली के आश्रम इलाके में अपने घर के बाहर शोर कर रहे लोगों को रोकने गए थे। इसी दौरान आरोपियों के साथ उनका विवाद हुआ और उनके साथ मारपीट की गई।
हमले के बाद सिंह को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
नाबालिग समेत 8 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में नाबालिग समेत कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब मामले में हमले की परिस्थितियों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।









