- CBI ने 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते दोनों आरोपियों को पकड़ा
- न्यू पनवेल में रियल एस्टेट कंपनी के पुनर्विकास प्रोजेक्ट से जुड़ा है मामला
- कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 2 दिन की CBI हिरासत में भेजा
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने एक करोड़ रुपये की रिश्वत के मामले में CGST विभाग के सुपरिंटेंडेंट और एक कंसल्टेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सुपरिंटेंडेंट पंकज कुमार और CGST कंसल्टेंट प्रसाद कुमार स्वामी के रूप में हुई है।
CBI के मुताबिक, सुपरिंटेंडेंट पंकज कुमार ने शिकायतकर्ता से 10 लाख रुपये की रिश्वत CGST कंसल्टेंट प्रसाद कुमार स्वामी को देने के लिए कहा था। इसके बाद CBI ने जाल बिछाकर दोनों को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
न्यू पनवेल के प्रोजेक्ट से जुड़ा मामला
CBI के अनुसार, मामला महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के न्यू पनवेल का है। यहां एक निजी रियल एस्टेट कंपनी सेक्टर-17 में दो इमारतों का पुनर्विकास कर रही है।
इन इमारतों में CGST और सेंट्रल एक्साइज, रायगढ़ कमिश्नरेट के स्वामित्व वाले 24 फ्लैट भी शामिल हैं। इसी पुनर्विकास परियोजना से जुड़े मामले में रिश्वत की मांग किए जाने का आरोप है।
10 लाख रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ा
CBI ने गुरुवार को कार्रवाई के लिए जाल बिछाया। अधिकारी ने शिकायतकर्ता से 10 लाख रुपये CGST कंसल्टेंट प्रसाद कुमार स्वामी को देने के लिए कहा था। तय योजना के तहत रिश्वत की रकम दिए जाने के दौरान CBI ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी की जानकारी शुक्रवार को सामने आई। इसके बाद CBI ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।
दोनों को 2 दिन की CBI हिरासत
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें दो दिन की CBI हिरासत में भेज दिया। जांच एजेंसी अब रिश्वत की मांग और कथित एक करोड़ रुपये के मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।









