- 2019 से अगस्त 2026 तक करीब 4 करोड़ रुपये खर्च होने का खुलासा
- आरटीआई के जरिए सामने आया सरकारी रिकॉर्ड, 90% खर्च नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा पर
- 2023 में अकेले हेयर स्टाइलिंग और मेकअप पर करीब 86 लाख रुपये खर्च हुए
तेल अवीव। इजराइल में प्रधानमंत्री के बालों की स्टाइलिंग और मेकअप पर पिछले सात साल में करीब 4.7 लाख डॉलर यानी लगभग 4 करोड़ रुपये खर्च होने का मामला सामने आया है। यह जानकारी सूचना के अधिकार के तहत मिले सरकारी रिकॉर्ड से सामने आई है। रिकॉर्ड में 2019 से अगस्त 2026 तक अलग-अलग समय में हुए खर्च का ब्योरा दिया गया है।
वकील ने मांगी थी खर्च की जानकारी
दिसंबर 2025 में वकील यारा शलित ने प्रधानमंत्री कार्यालय से बालों की स्टाइलिंग और मेकअप पर होने वाले खर्च की जानकारी मांगी थी। इसके बाद कार्यालय की ओर से अलग-अलग वर्षों और महीनों के खर्च का रिकॉर्ड जारी किया गया।
इस अवधि में इजराइल में तीन प्रधानमंत्री रहे। इनमें बेंजामिन नेतन्याहू, नफ्ताली बेनेट और याइर लैपिड शामिल हैं।
सबसे ज्यादा खर्च नेतन्याहू और सारा पर
सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक, बालों की स्टाइलिंग और मेकअप पर हुए कुल खर्च का करीब 90 फीसदी हिस्सा प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा से जुड़ा है।
हालांकि, कई दस्तावेजों में हेयर स्टाइलिस्ट और मेकअप आर्टिस्ट के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए। प्रधानमंत्री कार्यालय ने नाम छिपाने के पीछे राज्य की सुरक्षा का हवाला दिया है।
2023 में 86 लाख रुपये का खर्च
रिकॉर्ड के अनुसार सितंबर से नवंबर 2023 के बीच प्रधानमंत्री के बालों की स्टाइलिंग पर करीब 2,600 डॉलर यानी लगभग 22 लाख रुपये खर्च हुए। इसी अवधि में मेकअप पर करीब 1,580 डॉलर यानी करीब 13 लाख रुपये खर्च किए गए।
अक्टूबर 2023 में अकेले हेयर स्टाइलिंग पर करीब 810 डॉलर यानी लगभग 68 हजार रुपये खर्च हुए।
पूरे 2023 में हेयर स्टाइलिंग और मेकअप पर करीब 1.03 लाख डॉलर यानी लगभग 86 लाख रुपये खर्च किए गए।
बेनेट और लैपिड के कार्यकाल में खर्च कम
इसके मुकाबले 2022 में नफ्ताली बेनेट और याइर लैपिड के कार्यकाल के दौरान बालों की स्टाइलिंग और मेकअप पर करीब 27,600 डॉलर यानी लगभग 23 लाख रुपये खर्च हुए थे।
इस तरह सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज आंकड़े बताते हैं कि अलग-अलग प्रधानमंत्रियों के कार्यकाल में इस मद में होने वाला खर्च काफी अलग रहा।









