- ट्रम्प प्रशासन की प्रस्तावित डील में 20 हजार MK-84 और 20 हजार BLU-117 बम
- 2,000 पाउंड यानी करीब 907 किलो वजन का है प्रत्येक बम
- बाइडेन प्रशासन ने 2024 में ऐसे बमों की एक खेप पर लगाई थी रोक
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का प्रशासन इजराइल के लिए करीब 2.8 अरब डॉलर के हथियार पैकेज की तैयारी कर रहा है। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 26 हजार करोड़ रुपये बैठती है। प्रस्तावित पैकेज में 2,000 पाउंड यानी करीब 907 किलो वजन वाले 40 हजार भारी बम शामिल हैं।
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, पैकेज में 20 हजार MK-84 और 20 हजार BLU-117 बम शामिल हैं। इसके अलावा 20 हजार I-2000 Penetrator वारहेड भी प्रस्तावित पैकेज का हिस्सा बताए गए हैं। डील अभी अंतिम रूप से तय नहीं हुई है और इसकी अनौपचारिक जानकारी अमेरिकी कांग्रेस की संबंधित समितियों को दी जा चुकी है।
2024 में बाइडेन प्रशासन ने रोकी थी सप्लाई
2,000 पाउंड वाले इन बमों की सप्लाई को लेकर पहले भी अमेरिकी प्रशासन में चिंता सामने आ चुकी है। 2024 में तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडेन के प्रशासन ने इजराइल को ऐसे बमों की एक खेप भेजने पर रोक लगा दी थी।
उस समय चिंता जताई गई थी कि गाजा जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में इन भारी बमों के इस्तेमाल से बड़ी संख्या में नागरिकों की जान जा सकती है। बाद में जनवरी 2025 में ट्रम्प के दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद इस रोक को हटा दिया गया था।
900 किलो के बमों की क्षमता
प्रस्तावित पैकेज में शामिल MK-84 और BLU-117 2,000 पाउंड वर्ग के भारी बम हैं। इनमें MK-84 सामान्य उपयोग वाला भारी बम है, जबकि BLU-117 इसका थर्मल-कोटेड वैरिएंट है।
पैकेज में शामिल I-2000 Penetrator वारहेड कठोर और भूमिगत संरचनाओं को निशाना बनाने के लिए डिजाइन किया गया है। ऐसे हथियारों का इस्तेमाल मजबूत या जमीन के नीचे मौजूद ठिकानों के खिलाफ किया जा सकता है।









