- मक्का के दक्षिण में हूती ड्रोन इंटरसेप्ट
- सऊदी एयर डिफेंस ने ड्रोन नष्ट किया
- प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में घुसने से पहले कार्रवाई
रियाद। सऊदी अरब के एयर डिफेंस सिस्टम ने मंगलवार को मक्का के दक्षिण में एक हूती ड्रोन को इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया। सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने बुधवार को बताया कि ड्रोन के मक्का के प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में दाखिल होने से पहले ही उसे मार गिराया गया।
पवित्र स्थलों की सुरक्षा को बताया रेड लाइन
सैन्य गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मलिकी ने कहा कि इस्लाम के पवित्र स्थलों और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सऊदी अरब के लिए रेड लाइन है। उन्होंने कहा कि गठबंधन हूतियों के खिलाफ जरूरी कदम उठाएगा।
हूतियों ने आरोप से किया इनकार
वहीं, हूती विद्रोहियों ने मक्का या अन्य पवित्र स्थलों को निशाना बनाने से इनकार किया है। हूतियों की समाचार एजेंसी SABA के मुताबिक, संगठन की ओर से मक्का या दूसरे पवित्र स्थलों को कोई खतरा नहीं है।
मक्का इस्लाम का सबसे पवित्र शहर
मक्का इस्लाम का सबसे पवित्र शहर माना जाता है। यहां मुस्लिमों के प्रमुख पवित्र स्थल मौजूद हैं और हर साल दुनियाभर से लाखों लोग हज के लिए पहुंचते हैं। अल-मलिकी ने मंगलवार की घटना को मक्का को निशाना बनाने की हूतियों की दूसरी कोशिश बताया। इससे पहले जुलाई 2017 में सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने हूतियों पर मक्का की ओर बैलिस्टिक मिसाइल दागने का आरोप लगाया था।
OIC ने हूती हमलों की निंदा की
इस्लामिक सहयोग संगठन (OIC) ने मक्का और मदीना क्षेत्र में हूती हमलों की निंदा की है। संगठन ने कहा कि पवित्र जगहों, मस्जिदों और आम लोगों के ठिकानों पर हमला करना आतंकवाद है। OIC के मुताबिक, ऐसी कार्रवाई इस्लाम की शिक्षाओं और अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ है।









