मेरठ में शनिवार को पहली बार वायुसेना का एयर शो आयोजित किया गया। सूर्य किरण एयरोबैटिक टीम के 9 हॉक MK-132 विमानों ने आसमान में एक के बाद एक रोमांचक करतब दिखाकर लोगों को रोमांचित कर दिया। विमानों की गड़गड़ाहट से पूरा आसमान गूंज उठा। करीब 200 फीट की ऊंचाई पर उड़ान भरते हुए विमानों ने धुएं की लकीरों से तिरंगे की आकृति बनाई तो पूरा मैदान तालियों और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा।
30 मिनट तक आसमान पर टिकी रहीं नजरें
सुबह करीब 10:30 बजे न्यू इंटीग्रेटेड टाउनशिप में एयर शो शुरू हुआ। हिंडन एयरबेस, गाजियाबाद से उड़ान भरकर पहुंचे नौ विमानों ने करीब 30 मिनट तक हवा में अलग-अलग फॉर्मेशन बनाए। कभी विमान सीधे उड़ते दिखाई दिए तो कभी अचानक पलटी खाते हुए नीचे की ओर आते नजर आए। कई मौकों पर विमान एक-दूसरे से पांच मीटर से भी कम दूरी पर बेहद करीबी फॉर्मेशन में उड़ते दिखे।
आसमान में विमान जैसे ही दर्शकों के ऊपर से गुजरते, लोग उत्साह में अपनी जगह पर उछल पड़ते। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई मोबाइल कैमरे में इस नजारे को कैद करता नजर आया। दर्शकों के बीच लगातार तालियां और सीटियां बजती रहीं तथा भारत माता की जय और जय हिंद के नारे गूंजते रहे।
सूर्य किरण टीम ने संभाली कमान
एयर शो का प्रदर्शन भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एयरोबैटिक टीम के पायलटों ने किया। टीम के पायलटों ने हवा में अलग-अलग फॉर्मेशन और एयरोबैटिक करतब दिखाकर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। दो दिवसीय एयर शो का पहला दिन लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहा।
मेरठ के तीन पायलटों ने बढ़ाया गौरव
इस एयर शो की खास बात यह रही कि सूर्य किरण एयरोबैटिक टीम में मेरठ के तीन पायलट शामिल हैं। इनमें स्क्वाड्रन लीडर अमन गोयल और स्क्वाड्रन लीडर राहुल सिंह ने आसमान में विमान उड़ाकर करतब दिखाए। वहीं स्क्वाड्रन लीडर शरद गोयल ने ग्राउंड से पूरे शो के प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाली।
स्कूलों और NCC-NSS कैडेट्स ने देखा शो
एयर शो देखने के लिए शहर के 10 से अधिक स्कूलों के छात्र पहुंचे। इनके अलावा NCC और NSS कैडेट्स भी कार्यक्रम में शामिल हुए। आयोजकों के मुताबिक करीब 10 हजार लोग पहले दिन एयर शो देखने पहुंचे। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के कारण पूरा क्षेत्र उत्सव जैसा नजर आया।









