रोडवेज की AC बस में लगी आग

फ्लाईओवर के डिवाइडर से टकराने के बाद धू-धूकर जली बस

लखनऊ में शुक्रवार देर रात हरदोई-कानपुर रिंग रोड पर एक रोडवेज की AC बस हादसे का शिकार हो गई। उत्कर्ष लॉन के सामने बस फ्लाईओवर के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के कुछ ही देर बाद बस में आग लग गई और देखते ही देखते पूरी बस धू-धूकर जलने लगी।

दमकल की पांच गाड़ियों ने बुझाई आग

बस में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग सक्रिय हुआ। चौक फायर स्टेशन से तीन और आलमबाग फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।

फायर विभाग के मुताबिक, रात करीब 12:30 बजे चौक फायर स्टेशन को भापतामऊ के पास रोडवेज बस में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि बस फ्लाईओवर के डिवाइडर से टकराई हुई थी और उसमें भीषण आग लगी थी। दमकल कर्मियों ने चारों तरफ से पानी की बौछार कर आग बुझाई।

बस में नहीं मिला कोई यात्री

आग बुझाने के बाद दमकल टीम ने बस के अंदर और आसपास तलाशी अभियान चलाया। राहत की बात रही कि बस के भीतर या आसपास कोई यात्री अथवा अन्य व्यक्ति फंसा हुआ नहीं मिला। हादसे के वक्त बस में चालक और परिचालक मौजूद थे या नहीं, इसकी भी जानकारी मौके पर नहीं मिल सकी।

बस के रूट और यात्रियों की जानकारी नहीं मिली

दमकल विभाग की टीम ने बस के चालक, परिचालक और यात्रियों के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर कोई मौजूद नहीं था। इस वजह से फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बस किस स्थान से चलकर कहां जा रही थी और हादसे के समय उसमें कितने यात्री सवार थे।

टक्कर के बाद आग लगने की आशंका

फायर विभाग की शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि फ्लाईओवर के डिवाइडर से टकराने के बाद बस में आग लगी होगी। बस का नंबर UP 25 FT 9230 बताया गया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button