10 साल की बच्ची से यौन शोषण

सदर बाजार में स्टेशनरी लेने निकली थी बच्ची, दुकानदार पर दुष्कर्म का आरोप

नई दिल्ली। दिल्ली के सदर बाजार इलाके में 10 साल की बच्ची से यौन शोषण का मामला सामने आया है। घटना 16 सितंबर की रात की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में 56 वर्षीय आरोपी मकसूद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, बच्ची रात करीब 11 बजे नोटबुक, पेन और अन्य स्टेशनरी का सामान खरीदने के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि इसी दौरान दुकानदार उसे बहला-फुसलाकर पास की एक दुकान में ले गया।

हाथ-पैर बांधकर वारदात का आरोप

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बच्ची के हाथ-पैर बांधकर उसके साथ यौन शोषण किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पीड़ित बच्ची की पहचान कानूनी प्रावधानों के तहत सार्वजनिक नहीं की गई है।

PCR कॉल के बाद पहुंची पुलिस

पुलिस को 16 सितंबर की रात करीब 11 बजे नाबालिग से यौन शोषण की PCR कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही सदर बाजार थाना, ACP सदर बाजार और महिला थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पीड़ित की शिकायत के आधार पर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट के महिला थाने में मामला दर्ज किया गया।

POCSO समेत कई धाराओं में केस

पुलिस ने मामले में दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और गलत तरीके से बंधक बनाने से संबंधित धाराएं लगाई हैं। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है।

स्वरूप नगर में भी नाबालिग की मौत का मामला

दिल्ली में इससे कुछ दिन पहले स्वरूप नगर इलाके में एक नाबालिग से गैंगरेप और हत्या का मामला सामने आया था। 13 सितंबर की सुबह पुलिस को कुशक रोड पर जयपाल राणा के खेत के पास खुले मैदान में बच्ची का शव मिला था। मामले में पुलिस ने CCTV फुटेज खंगालने और वारदात से जुड़े बताए जा रहे एक टेंपो का पता लगाने के बाद चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन नाबालिग बताए गए हैं।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/iit-bombay-sahil-wakode-professor-doolla-suspended/

परिवार को कानूनी मदद का भरोसा

इस मामले में दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष लता गुप्ता ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी। उन्होंने परिवार को कानूनी मदद, काउंसलिंग और न्यायिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। स्वरूप नगर मामले में भी पुलिस की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button