पाकिस्तान में 1000 रुपए तक पहुंच सकता है पेट्रोल

पेट्रोलियम मंत्री का दावा- कमी हुई तो और बढ़ेंगे दाम; अब तक करीब 51% महंगा हुआ ईंधन

  • पाकिस्तान में पेट्रोल 389 रुपए प्रति लीटर
  • डीजल की कीमत 424 रुपए प्रति लीटर
  • पेट्रोलियम मंत्री ने 1000 रुपए तक दाम पहुंचने की आशंका जताई
  • 28 फरवरी से पेट्रोल 131 रुपए महंगा हुआ

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमतों को लेकर सरकार ने बड़ा बयान दिया है। पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने रविवार को कहा कि अगर देश में पेट्रोल की कमी होती है तो इसकी कीमत 1000 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर तक पहुंच सकती है। फिलहाल पाकिस्तान में पेट्रोल 389 रुपए और डीजल 424 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।

28 फरवरी से लगातार बढ़े दाम

पाकिस्तानी पेट्रोलियम मंत्री के मुताबिक, देश में पेट्रोल की कीमत अब तक करीब 50 फीसदी बढ़ चुकी है। 28 फरवरी को जब मध्य पूर्व में लड़ाई शुरू हुई थी, उस समय पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 258.17 रुपए प्रति लीटर थी। इसके बाद कीमत बढ़कर 389 रुपए प्रति लीटर हो गई। यानी इस अवधि में पेट्रोल करीब 131 रुपए प्रति लीटर महंगा हुआ है।

कच्चे तेल की कीमतों पर जंग का असर

मंत्री ने पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों को भी वजह बताया। मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक तेल आपूर्ति और बाजार को लेकर अनिश्चितता बढ़ी है। इसका असर कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ रहा है, जिसका प्रभाव तेल आयात पर निर्भर देशों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर भी दिखाई दे रहा है।

यह भी पढे़ :https://www.tamsasanket.com/russia-parliamentary-election-united-russia-win/

पेट्रोल की कमी हुई तो बढ़ सकता है संकट

अली परवेज मलिक ने चेतावनी दी कि अगर पाकिस्तान में पेट्रोल की उपलब्धता प्रभावित होती है और बाजार में कमी पैदा होती है, तो कीमतों में और तेजी आ सकती है। ऐसे हालात में पेट्रोल के दाम 1000 रुपए प्रति लीटर तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। हालांकि यह संभावित कीमत है और वास्तविक दाम अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों, आपूर्ति तथा पाकिस्तान की घरेलू परिस्थितियों पर निर्भर करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button