तेहरान/वॉशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध खत्म कराने की कोशिशों के बीच तेहरान ने वॉशिंगटन को नया परमाणु प्रस्ताव भेजा है। यह प्रस्ताव कतर के माध्यम से अमेरिका तक पहुंचाया गया है। ईरान ने साफ किया है कि उसकी सात शर्तें पूरी होने के बाद ही वह परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत शुरू करेगा और होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलेगा।
रॉयटर्स की 5 नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अमेरिका इस प्रस्ताव की समीक्षा कर रहा है। अधिकारी ने नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर यह जानकारी दी। हालांकि, उन्होंने प्रस्ताव के विस्तृत बिंदुओं का खुलासा नहीं किया है।
ईरान के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी मोहसिन रजाई ने भी कहा है कि जब तक अमेरिका उसकी शर्तें पूरी नहीं करता, तब तक न बातचीत होगी और न ही होर्मुज जलडमरूमध्य खोला जाएगा। दूसरी ओर, अमेरिका की ओर से कहा गया है कि शुरुआती बातचीत में ईरान के परमाणु कार्यक्रम का मुद्दा शामिल होना चाहिए।
बातचीत शुरू करने के लिए ईरान की 7 शर्तें
ईरान की सात शर्तों का पूरा आधिकारिक दस्तावेज सार्वजनिक नहीं किया गया है। हालांकि, ईरानी अधिकारियों के बयानों और मीडिया रिपोर्टों के आधार पर इन मांगों में आर्थिक प्रतिबंध हटाने से लेकर अमेरिकी सैन्य मौजूदगी कम करने तक के मुद्दे शामिल हैं।
1. सभी मोर्चों पर युद्ध और सैन्य कार्रवाई खत्म हो
ईरान चाहता है कि उसके खिलाफ और क्षेत्र में उसके सहयोगी संगठनों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई पूरी तरह बंद हो। इसमें लेबनान, यमन, इराक और फिलिस्तीन सहित पश्चिम एशिया के अलग-अलग मोर्चों पर जारी संघर्ष को रोकने की मांग शामिल है।
2. विदेशों में जमा ईरान की संपत्ति लौटाई जाए
ईरान की मांग है कि दूसरे देशों के बैंकों और वित्तीय संस्थानों में जमा उसकी रोकी गई संपत्ति वापस की जाए। अमेरिकी प्रतिबंधों के कारण ईरान की बड़ी रकम विदेशों में फंसी हुई है। तेहरान इसे वापस पाने को बातचीत की अहम शर्त मान रहा है।
3. अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी खत्म हो
ईरान चाहता है कि अमेरिका उसके बंदरगाहों और समुद्री कारोबार पर लगाई गई नौसैनिक नाकेबंदी हटाए। इस रोक के कारण ईरान के लिए समुद्र के रास्ते सामान का आयात-निर्यात और तेल कारोबार करना मुश्किल हो रहा है।
4. आर्थिक और तेल संबंधी प्रतिबंध हटाए जाएं
ईरान की एक प्रमुख मांग अमेरिकी आर्थिक प्रतिबंधों को हटाने की है। इसमें तेल निर्यात पर लगी पाबंदियां भी शामिल हैं। प्रतिबंध हटने से ईरान अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपना तेल बेच सकेगा और विदेशी कारोबार से होने वाली कमाई बढ़ा सकेगा।
5. पश्चिम एशिया से अमेरिकी सैन्य मौजूदगी घटाई जाए
तेहरान चाहता है कि अमेरिका पश्चिम एशिया में अपनी सैन्य तैनाती कम करे। इसमें क्षेत्र के अमेरिकी नौसैनिक और हवाई सैन्य बलों की मौजूदगी घटाने की मांग शामिल है। ईरान इसे अपनी सुरक्षा से जुड़ा अहम मुद्दा बता रहा है।
6. युद्ध में हुए नुकसान का मुआवजा दिया जाए
ईरान चाहता है कि युद्ध के दौरान उसके बुनियादी ढांचे, सैन्य ठिकानों और दूसरी संपत्तियों को हुए नुकसान की भरपाई की जाए। इसके लिए अमेरिका से युद्ध क्षतिपूर्ति देने की मांग भी शामिल है।
7. अमेरिकी धमकियां और दखलंदाजी बंद हो
ईरान की मांग है कि अमेरिका उसके खिलाफ सैन्य कार्रवाई की धमकियां देना और उसके आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करना बंद करे। तेहरान चाहता है कि भविष्य में भी उस पर हमले या दबाव बनाने की कोशिश न हो।
परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत का मुद्दा अभी बाकी
ईरान ने परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत को अपनी शर्तें पूरी होने के बाद के चरण में रखने का संकेत दिया है। वहीं, अमेरिका चाहता है कि परमाणु मुद्दे पर चर्चा शुरुआत से ही हो। दोनों देशों के बीच बातचीत के क्रम को लेकर यही बड़ा मतभेद बना हुआ है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि अमेरिका ईरान की सभी शर्तों पर क्या रुख अपनाएगा। रॉयटर्स के मुताबिक, अमेरिकी पक्ष प्रस्ताव की समीक्षा कर रहा है, लेकिन उसकी ओर से किसी समझौते या शर्तों को स्वीकार किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।









