अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश के बंटवारे को लेकर कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सोमवार को बड़ा राजनीतिक दावा किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश के चार हिस्से होना तय है। पूर्वांचल अलग राज्य बना तो राजभर समाज का बेटा ही वहां पहला मुख्यमंत्री बनेगा। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल के छह मंडलों में राजभर समाज की बड़ी आबादी है। ऐसे में राज्य बनने पर गठबंधन की स्थिति में समाज के नेतृत्व की दावेदारी मजबूत रहेगी।
चार हिस्सों में बांटने की बताई वजह
राजभर ने कहा कि बुंदेलखंड को अलग राज्य बनाने की मांग लंबे समय से उठती रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हरित प्रदेश की मांग होती रही है। इसके अलावा मध्यांचल और पूर्वांचल को अलग राज्य बनाने की मांग भी सामने आती रही है।
उन्होंने इन्हीं मांगों का हवाला देते हुए यूपी के भविष्य में चार हिस्सों में बंटने का दावा किया। पूर्वांचल को लेकर उन्होंने राजभर समाज की आबादी और राजनीतिक हिस्सेदारी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/ambedkarnagar-akhilesh-poster-war/
पूर्वांचल पर नजर, नेतृत्व की दावेदारी का संकेत
राजभर ने पूर्वांचल के कई जिलों का जिक्र करते हुए क्षेत्र के छह मंडलों में राजभर समाज की बड़ी आबादी होने की बात कही। उनका कहना था कि अलग पूर्वांचल राज्य बनने की स्थिति में गठबंधन की राजनीति में राजभर समाज नेतृत्व की दावेदारी कर सकता है।
यह बयान ऐसे समय आया है, जब 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। राजभर पिछले दिनों भी अंबेडकरनगर में सपा और अखिलेश यादव पर लगातार निशाना साधते रहे हैं।









