नवजात का शव मिलने की सूचना देने गए सफाई कर्मियों से मारपीट का आरोप

प्रशासनिक भवन का घेराव कर सफाई कर्मियों ने की FIR की मांग, पांच घंटे कमरे में बंधक बनाने का आरोप

लखनऊ। लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में मंगलवार सुबह सफाई कर्मियों ने प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने प्रशासनिक भवन का घेराव कर नारेबाजी की और अपने दो साथियों के साथ कथित मारपीट के मामले में कार्रवाई की मांग की। सफाई कर्मियों का आरोप है कि सोमवार को नवजात का शव मिलने की सूचना देने के बाद रामचंद्र और मोहन को प्रशासनिक भवन बुलाया गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई और जातिसूचक गालियां दी गईं।

सफाई कर्मियों का आरोप है कि दोनों को करीब पांच घंटे तक एक कमरे में बंद रखा गया। कर्मचारियों ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। इसी मांग को लेकर मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में सफाई कर्मी प्रशासनिक भवन के बाहर पहुंचे और घेराव किया।

इमरजेंसी के ट्राएज एरिया के वॉशरूम में मिला शव

सफाई कर्मियों के मुताबिक, सोमवार सुबह इमरजेंसी के ट्राएज एरिया में सफाई के दौरान वॉशरूम में नवजात का शव मिला था। कर्मचारियों ने इसकी जानकारी संस्थान के अधिकारियों को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

यह भी पढे़ :https://www.tamsasanket.com/yemen-houthi-saudi-conflict-britain-support/

सुरक्षा कर्मियों पर मारपीट का आरोप

सफाई कर्मी रामचंद्र और मोहन का आरोप है कि नवजात का शव मिलने की जानकारी देने के बाद उन्हें प्रशासनिक भवन ले जाया गया। दोनों का आरोप है कि वहां सुरजीत सिंह और राजेश यादव समेत कुछ सुरक्षा कर्मियों ने उनके साथ मारपीट की। कर्मचारियों का यह भी आरोप है कि उन्हें जातिसूचक शब्द कहे गए और करीब पांच घंटे तक कमरे में बंद रखा गया।

मामले को लेकर सफाई कर्मियों में नाराजगी है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच और कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान प्रशासनिक भवन के बाहर कर्मचारियों की भीड़ जुटी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button