वाराणसी जोन के नए ADG बने नवीन अरोरा

  • आईपीएस नवीन अरोरा को वाराणसी जोन की कमान
  • पीयूष मोर्डिया बने प्रयागराज के नए पुलिस आयुक्त
  • शासन ने जारी किए तबादला आदेश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) पद पर 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी नवीन अरोरा की तैनाती की है। अब वह वाराणसी जोन के नौ जिलों की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे।

पीयूष मोर्डिया को मिली नई जिम्मेदारी

शासन के आदेश के अनुसार, वाराणसी जोन में करीब 29 महीने तक एडीजी रहे 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी पीयूष मोर्डिया को प्रयागराज का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। शासन की ओर से जारी आदेश में दोनों अधिकारियों की नई तैनाती की जानकारी दी गई।

29 महीने तक संभाली थी वाराणसी जोन की कमान

पीयूष मोर्डिया ने 13 फरवरी 2024 को वाराणसी जोन के एडीजी का कार्यभार संभाला था। अपने कार्यकाल में उन्होंने पूर्वांचल के नौ जिलों में पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई पहल कीं और विभिन्न अभियानों के चलते चर्चा में रहे।

कई मामलों में बटोरी सुर्खियां

अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने बलिया में तस्करी और उससे जुड़े पुलिसकर्मियों की भूमिका का खुलासा कर कार्रवाई कराई, जिसकी प्रदेशभर में चर्चा हुई। इससे पहले मीरजापुर में तैनाती के दौरान कारतूस घोटाले का खुलासा भी उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रहा।

फरियादियों के लिए शुरू की नई व्यवस्था

वाराणसी में उन्होंने शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आधारित व्यवस्था शुरू की। इसमें फरियादी और संबंधित थाना प्रभारी को आमने-सामने जोड़कर शिकायतों का समाधान कराया जाता था। बाद में इस व्यवस्था को अन्य जिलों में भी अपनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button