अहमदाबाद। अहमदाबाद के गोटा इलाके में मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा की मौत हो गई। सिल्वर ओक यूनिवर्सिटी में बीएससी फर्स्ट ईयर की छात्रा प्रेरणा नीनामा कॉलेज जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही एक क्रेन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद छात्रा करीब 50 फीट तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घर से कॉलेज के लिए निकली थी प्रेरणा
प्रेरणा मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे अपने घर से कॉलेज के लिए निकली थी। वह कॉलेज से लगभग 200 मीटर दूर थी, तभी पीछे से तेज गति में आ रही क्रेन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद क्रेन चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने छात्रा को बचाने की कोशिश की और घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके साथ ही लोगों ने आरोपी चालक की तलाश भी शुरू कर दी। बताया गया कि स्थानीय लोगों ने उसे पास के सोला इलाके में ढूंढ निकाला। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अरुण निषाद के रूप में हुई है।
सीसीटीवी में कैद हुआ पूरा हादसा
हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में सुबह करीब 11:55 बजे प्रेरणा सड़क के बाईं ओर पैदल जाती दिखाई देती है। इसी दौरान पीछे से आती क्रेन उसे टक्कर मार देती है और छात्रा उसके नीचे आ जाती है। क्रेन छात्रा को कुछ दूरी तक घसीटते हुए आगे निकल जाती है और फिर कुछ दूरी पर जाकर रुकती है।
फुटपाथ नहीं होने पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस सड़क पर हादसा हुआ वहां पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में लोगों को सड़क पर ही चलना पड़ता है। छात्रा के साथ हुए हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा और नगर निकाय की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/sharjah-murder-alwin-prakash-kunder-body-nine-pieces/
पुलिस ने आरोपी क्रेन चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।









