बेंगलुरु। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की विधानसभा में की गई ‘करीब एक दर्जन विधायकों की दो शादियां’ वाली टिप्पणी को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। शिवकुमार ने गुरुवार को विधानसभा में बेंगलुरु के बढ़ते शहरीकरण और आबादी पर चर्चा के दौरान यह बात कही। उन्होंने दावा किया कि दूसरे जिलों से बेंगलुरु आने वाले कई लोग वापस नहीं जाते और ऐसे करीब 12 विधायक हैं, जिन्होंने दो शादियां की हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वह इन विधायकों की सूची भी दे सकते हैं।
शिवकुमार ने कहा कि बेंगलुरु को केम्पेगौड़ा ने बसाया, केंगल हनुमंतैया ने विधान सौध का निर्माण कराया और एसएम कृष्णा ने शहर को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। उनके मुताबिक, दूसरे इलाकों से बेंगलुरु आने वाले लोग यहीं बस जाते हैं। उन्होंने धारवाड़, दक्षिण कन्नड़ और अन्य जिलों से आने वाले विधायकों का भी उल्लेख किया, लेकिन किसी का नाम सार्वजनिक नहीं किया।
BJP ने पूछा- किन विधायकों की बात कर रहे हैं?
शिवकुमार की टिप्पणी के बाद भाजपा नेताओं ने उनसे उन विधायकों के नाम सार्वजनिक करने को कहा, जिनका उन्होंने जिक्र किया था। विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने इसे गैर-जरूरी टिप्पणी बताया। उन्होंने कहा कि इस बयान के बाद बेंगलुरु से बाहर के इलाकों से आए विधायकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अशोक ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका जन्म और पालन-पोषण बेंगलुरु में ही हुआ है।
राजाजीनगर से भाजपा विधायक एस. सुरेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने यह बात भले ही हल्के-फुल्के अंदाज में कही हो, लेकिन विधानसभा के पटल से इस तरह की टिप्पणी उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि बयान के बाद लोगों में उन विधायकों को लेकर जिज्ञासा पैदा हुई है और मुख्यमंत्री को स्पष्ट करना चाहिए कि वह किन विधायकों की बात कर रहे थे।
बेंगलुरु की आबादी बढ़ने का दिया संदर्भ
शिवकुमार ने अपनी बात को बेंगलुरु में बढ़ती आबादी और शहरीकरण से जोड़ते हुए कहा कि यहां आने वाले लोग वापस अपने मूल स्थानों पर नहीं लौटते। उन्होंने विधायकों के साथ वकीलों का भी उदाहरण दिया और कहा कि बेंगलुरु आने वाले वकील भी अक्सर यहीं बस जाते हैं।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/gyanesh-kumar-padma-bhushan-pawan-khera/
इस टिप्पणी के बाद अब राजनीतिक बहस का केंद्र शिवकुमार द्वारा बताए गए ‘करीब एक दर्जन विधायकों’ की पहचान और उनके दावे को लेकर हो गया है। मुख्यमंत्री ने अभी तक उन विधायकों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं।









