- CBI ने 94 पेज की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की
- NTA के तीन एक्सपर्ट्स पर पेपर लीक कराने का आरोप
- होटल में याद किए गए सवाल पर्चियों पर लिखे जाते थे
नई दिल्ली। NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ा खुलासा किया है। दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में दाखिल 94 पेज की चार्जशीट में एजेंसी ने दावा किया है कि पेपर लीक की साजिश परीक्षा से कई महीने पहले रची गई थी। चार्जशीट 28 जुलाई को दाखिल की गई थी, जिसकी जानकारी शुक्रवार को सामने आई।
CBI के अनुसार, NTA के विषय विशेषज्ञ पेपर तैयार करने और मॉडरेशन के दौरान सवाल याद कर लेते थे। बाद में होटल लौटकर वे इन सवालों को पर्चियों पर लिखते थे। इसके बाद बिचौलियों और कोचिंग नेटवर्क के जरिए यह जानकारी छात्रों तक पहुंचाई जाती थी। जांच एजेंसी का दावा है कि लीक प्रश्नपत्र टेलीग्राम, व्हाट्सएप, PDF और अन्य डिजिटल माध्यमों से भी प्रसारित किए गए।
CBI ने इस मामले में 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है, जिनमें NTA के तीन एक्सपर्ट्स भी शामिल हैं। एजेंसी का आरोप है कि इन विशेषज्ञों ने अपने पद का दुरुपयोग कर परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक कराया।
चार्जशीट के मुताबिक, यह साजिश केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं थी, बल्कि इसमें NTA के कुछ विशेषज्ञ, निजी कोचिंग संचालक, बिचौलिए और कुछ छात्र शामिल थे। जांच में यह भी सामने आया है कि वर्ष 2025 के अंत से ही कोचिंग संचालकों और बिचौलियों ने NTA विशेषज्ञों से संपर्क शुरू कर दिया था। वर्ष 2026 की शुरुआत में मुलाकातों और पैसों के लेन-देन के जरिए पूरा नेटवर्क तैयार किया गया।









