बैंक हड़ताल टली, इस हफ्ते पांच दिन खुलेंगे बैंक

28 से 30 सितंबर की प्रस्तावित हड़ताल स्थगित, 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर रहेगा अवकाश

देशभर में बैंकिंग सेवाएं इस सप्ताह सामान्य रूप से जारी रहेंगी। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल को टालने का फैसला किया है। ऐसे में सोमवार से बुधवार तक बैंक आम दिनों की तरह खुले रहेंगे और ग्राहकों के बैंकिंग से जुड़े कामकाज प्रभावित नहीं होंगे।

5-डे वर्किंग पर कमेटी बनाने पर सहमति

रविवार देर रात हुई बैठक में इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) ने बैंक कर्मचारियों की पांच दिन कार्य व्यवस्था की मांग पर कमेटी बनाने पर सहमति जताई। इसके साथ ही कर्मचारियों की अन्य मांगों को लेकर भी समाधान का भरोसा दिया गया। इसके बाद UFBU ने प्रस्तावित हड़ताल स्थगित करने का फैसला किया।

इस हफ्ते सिर्फ 2 अक्टूबर को बैंक बंद

हड़ताल टलने के बाद इस सप्ताह पांच दिन बैंक खुले रहेंगे। 28, 29 और 30 सितंबर को बैंक सामान्य रूप से काम करेंगे। इसके बाद 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे। हालांकि बैंक अवकाश का असर ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआई और एटीएम जैसी सेवाओं पर सामान्य तौर पर नहीं पड़ता।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/sone-chandi-ke-daam-28-september/

नोटबंदी के बाद पहली बार रविवार को खुले बैंक

प्रस्तावित हड़ताल को देखते हुए वित्त मंत्रालय के निर्देश पर रविवार को भी देश के कई बैंक आम ग्राहकों के लिए खुले रहे। यह कदम करीब 10 साल बाद उठाया गया। इससे पहले नवंबर 2016 में नोटबंदी के दौरान रविवार को बैंक खोले गए थे।

2016 में नोट बदलने के लिए लगी थी लंबी कतार

नवंबर 2016 में नोटबंदी के बाद पुराने 500 और 1000 रुपये के नोट बदलने, जमा करने और नकदी निकालने के लिए बैंकों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। ग्राहकों की भीड़ को देखते हुए सरकार ने रविवार को भी बैंक शाखाएं खोलने का फैसला किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button