अंबेडकरनगर। कठुआ गोलीकांड में जान गंवाने वाले सीआईएसएफ के असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडेय के मठिया स्थित आवास पर शुक्रवार को भी लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। अंतिम संस्कार के दूसरे दिन प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और जिले के प्रभारी ओमप्रकाश राजभर गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना पर संवेदना व्यक्त की और परिवार से बातचीत की।
मंत्री ने परिजनों के बीच बैठकर उनसे हालचाल जाना। उन्होंने परिवार के सदस्यों से बातचीत की और इस कठिन समय में उनके साथ खड़े होने की बात कही। इस दौरान जिलाधिकारी ईशा प्रिया भी मौजूद रहीं। उन्होंने भी परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
मंत्री बोले- परिवार के साथ खड़ा है प्रशासन
मठिया पहुंचने के दौरान ओमप्रकाश राजभर ने परिवार के सदस्यों से घटना और मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि शासन और प्रशासन परिवार के साथ है। हालांकि, मौके पर मंत्री की ओर से किसी अन्य विशेष घोषणा की जानकारी सामने नहीं आई है।
सपा नेता एवं एमएलसी हीरालाल यादव ने भी शहीद के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने अंकित पांडेय के निधन पर संवेदना व्यक्त की।
गुरुवार को राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
इब्राहिमपुर क्षेत्र के दौलतपुर एकसारा (मठिया) निवासी अंकित पांडेय का पार्थिव शरीर गुरुवार को पैतृक गांव पहुंचा था। सीआईएसएफ की टीम ने उन्हें अंतिम सलामी दी। इसके बाद इल्तिफातगंज स्थित सरयू नदी के घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
अंकित पांडेय जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के बसोहली क्षेत्र में तैनात थे। 29 सितंबर की शाम सीआईएसएफ शिविर में हुई गोलीबारी में उनकी और तीन अन्य जवानों की जान गई थी। घटना के बाद मामले की जांच शुरू की गई है।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/agra-delhi-highway-bus-tanker-accident/









