रकुल प्रीत सिंह ने आयकर छापेमारी की खबरों को बताया झूठा

बोलीं- जिस रेड का जिक्र किया जा रहा है, उसका मुझसे कोई लेना-देना नहीं

मुबंई। बॉलीवुड एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह ने अपने ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट्स पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा बयान जारी कर इन खबरों को झूठा, भ्रामक और दुर्भावनापूर्ण बताया। रकुल ने साफ किया कि जिस आयकर जांच या छापेमारी का जिक्र मीडिया रिपोर्ट्स में किया जा रहा है, वह उनसे संबंधित नहीं है।

रकुल बोलीं- खबरों को सनसनीखेज बनाना दुखद

रकुल प्रीत सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक नोट शेयर करते हुए मीडिया रिपोर्टिंग पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों की जांच किए खबरों को सनसनीखेज बनाना बेहद दुखद है।

एक्ट्रेस ने स्पष्ट किया कि वह सभी के सामने स्थिति की सच्चाई रखना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि जिस रेड का जिक्र किया जा रहा है, उसका उनसे कोई संबंध नहीं है।

‘आर्म्ड फोर्सेस बैकग्राउंड से हूं’

अपनी सफाई में रकुल ने अपने पारिवारिक और प्रोफेशनल बैकग्राउंड का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह आर्म्ड फोर्सेस बैकग्राउंड से आती हैं और फिल्म इंडस्ट्री में उनका कोई गॉडफादर नहीं रहा है। उन्होंने मेहनत के दम पर अपनी पहचान बनाई है।

रकुल ने कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक के तौर पर वह 20 साल की उम्र से नियमित रूप से टैक्स जमा कर रही हैं। उन्होंने अपनी टैक्स संबंधी जिम्मेदारियों को लेकर भी सफाई दी।

‘किसी अवैध विदेशी लेन-देन में शामिल नहीं’

रकुल ने अपने बयान में यह भी कहा कि वह व्यक्तिगत तौर पर या किसी प्रोडक्शन हाउस के जरिए किसी भी तरह के अवैध विदेशी लेन-देन में शामिल नहीं हैं।

उन्होंने आगे दावा किया कि देश या विदेश में उनके पास कोई बेनामी संपत्ति नहीं है। रकुल ने यह भी कहा कि वह ऐसे महंगे उपहार स्वीकार नहीं करती हैं।

एक्ट्रेस ने अपनी सफाई देते हुए मीडिया से तथ्यों की जांच के बाद ही किसी व्यक्ति का नाम ऐसी रिपोर्ट्स से जोड़ने की अपील की।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/janhvi-kapoor-deepfake-video/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button