जान्हवी कपूर ने डीपफेक वीडियो पर जताई नाराजगी

बोलीं- बिना सहमति महिलाओं का अश्लील कंटेंट बनाना यौन उत्पीड़न जैसा

अभिनेत्री जान्हवी कपूर ने अपनी फिल्म ‘देवरा: पार्ट 1’ के गाने ‘चुट्टामल्ले’ पर बनाए गए AI जनरेटेड अश्लील डीपफेक वीडियो को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर इस तरह की तकनीक के गलत इस्तेमाल पर सवाल उठाए और इसे महिलाओं की गरिमा और सहमति का गंभीर उल्लंघन बताया।

AI के गलत इस्तेमाल को बताया गंभीर अपराध

जान्हवी ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर जारी बयान में कहा कि महिलाओं को उनकी सहमति के बिना एडिटेड या अश्लील कंटेंट में दिखाना बेहद गंभीर मामला है। उनके मुताबिक, किसी महिला को उसकी इच्छा के विरुद्ध इस तरह पेश करना लगभग यौन उत्पीड़न के समान है।

एक्ट्रेस ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाली लगभग हर महिला ने किसी न किसी रूप में ऐसी परेशानी का सामना किया है। अब यह समस्या सिर्फ अभिनेत्रियों तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आम महिलाएं भी इसका शिकार हो रही हैं।

‘ना’ का मतलब ‘ना’ ही होना चाहिए

जान्हवी ने महिलाओं की सहमति और उनकी व्यक्तिगत सीमाओं का सम्मान करने की बात कही। उन्होंने कहा कि अगर कोई महिला किसी चीज के लिए पांच दिन तक ‘हां’ कहती है और छठे दिन ‘ना’ कहती है, तो उसके ‘ना’ का सम्मान किया जाना चाहिए।

उन्होंने कपड़ों को लेकर भी समाज की सोच पर सवाल उठाया। जान्हवी ने कहा कि किसी महिला का मिनीस्कर्ट पहनना इस बात की इजाजत नहीं देता कि कोई उसके कपड़ों के नीचे कैमरा लगाए या उसके शरीर का गलत इस्तेमाल करे। महिला किस चीज में सहज है और अपनी सीमा कहां तय करती है, इसका फैसला सिर्फ उसी का होना चाहिए।

बेटियों को बचाने से ज्यादा सोच बदलने की जरूरत

जान्हवी ने कहा कि महिलाओं को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों जगह अपनी सीमाओं के उल्लंघन का सामना करना पड़ता है। उन्होंने लोगों से सिर्फ अपनी बेटियों को सुरक्षित रखने की बात करने के बजाय अपनी सोच बदलने की अपील की।

उनके मुताबिक, समाज में ऐसी मानसिकता विकसित करने की जरूरत है, जिसमें लोग दूसरे व्यक्ति की निजता, सहमति और व्यक्तिगत सीमाओं का उल्लंघन करने से खुद को रोकें।

जूनियर एनटीआर समेत इन सितारों का जताया आभार

जान्हवी ने इस मुद्दे पर खुलकर बोलने और उनका समर्थन करने के लिए अपने को-स्टार जूनियर एनटीआर के साथ चिरंजीवी, विजय देवरकोंडा और खुशबू का भी आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button